Breaking News

देवास TI दिलीप पुरी को कुचलने वाले ट्रक ड्राइवर का हुआ शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली     |   राहुल गांधी आज संगरूर से पंजाब में चुनावी कैंपेन का करेंगे आगाज     |   गुरुग्राम में 5 से 20 नवंबर तक निर्माण कार्यों पर रोक, बढ़ते प्रदूषण के बीच प्रशासन का आदेश     |   नितिन नवीन आज गोरखपुर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च की अगुवाई करेंगे     |   रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, श्रीगंगानगर में ट्रेन को उड़ाने की साजिश नाकाम     |  

इजरायल दूतावास विस्फोट: दिल्ली पुलिस को साजिश के 'महत्वपूर्ण सुराग' मिले, दर्ज करेगी एफआईआर

राष्ट्रीय राजधानी के चाणक्यपुरी इलाके में इजरायल के दूतावास के निकट हुए विस्फोट की तीन दिन की जांच के बाद दिल्ली पुलिस को साजिश के ‘‘महत्वपूर्ण सुराग’’ मिले हैं और वे अब एफआईआर दर्ज करने की योजना बना रही है। सूत्रों ने शुक्रवार को ये जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस को राजदूत को धमकी देने की साजिश की ओर संकेत करते हुए "अहम सुराग" मिले हैं।

दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने कहा कि सुरक्षा एजेंसी के अधिकारी उन आरोपों पर विचार कर रहे हैं जिनके तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। सुरक्षा अधिकारी ये भी विश्लेषण कर रहे हैं कि क्या जांच एनआईए को सौंपी जा सकती है। मामले की जांच कर रहे दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने विस्फोट स्थल के आसपास के कई सीसीटीवी फुटेज की जांच की है और एक संदिग्ध को देखा है जो ऑटो-रिक्शा में जामिया नगर से आया था। 

सूत्रों ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने कई ऑटो-रिक्शा चालकों से पूछताछ की, जिसमें वे चालक भी शामिल है जो 26 दिसंबर को विस्फोट होने से पहले उस संदिग्ध को मौके पर लाया था।जांच से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमें पृथ्वीराज रोड पर कुछ महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं। उससे ये भी पता चलता है कि इजरायल-हमास संघर्ष के कारण इजरायली दूतों को धमकी देने की साजिश रची गई थी।

अधिकारियों ने बताया था कि इजरायल के दूतावास के पास मंगलवार शाम को एक विस्फोट हुआ था और घटनास्थल से इजरायली राजदूत को "अभद्र" भाषा में संबोधित एक पत्र बरामद किया गया था। उन्होंने बताया था कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। उन्होंने बताया था कि विस्फोट और पत्र बरामद होना दूतावास के समीप 2021 में हुए विस्फोट की याद दिलाता है जिसमें कुछ कारें क्षतिग्रस्त हुई थीं। एनआईए ने उस मामले की जांच की थी। 

सूत्रों ने बताया कि जांच अधिकारी राष्ट्रीय सुरक्षा समूह की प्रयोगशाला की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं जहां विस्फोट में इस्तेमाल किए गए घटकों का पता लगाने के लिए नमूने भेजे गए हैं। पुलिस सूत्रों ने कहा कि उन्होंने उन 12 लोगों के बयान दर्ज किए हैं जिन्होंने विस्फोट की तेज आवाज सुनने का दावा किया है।