Breaking News

अमृतसर: अजनाला में 3 हैंड ग्रेनेड और RDX बरामद     |   अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के कई सैनिकों को बंदी बनाने का दावा किया     |   अहमदाबाद में हो सकते हैं 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स, 26 नवंबर को होगा फैसला     |   तमिलनाडु: AIADMK कल विधानसभा में कोल्ड्रिफ और किडनी रैकेट का मुद्दा उठाएगी     |   पाकिस्तान, अफगानिस्तान 48 घंटे के अस्थायी युद्धविराम पर सहमत     |  

बंगाल के राज्यपाल ने दुर्गापुर सामूहिक बलात्कार मामले में राष्ट्रपति को रिपोर्ट सौंपी : अधिकारी

कोलकाता, 15 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा के साथ कथित सामूहिक बलात्कार की घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय गृह मंत्रालय को एक रिपोर्ट सौंपी है। राजभवन के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि रिपोर्ट में, बोस ने मामले में अपने निष्कर्षों और पीड़िता व उसके माता-पिता के साथ अपनी बातचीत का विस्तृत विवरण दिया है।

अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘दुर्गापुर मामले में राज्यपाल के निष्कर्षों के संबंध में एक रिपोर्ट राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंपी गई है। रिपोर्ट की एक प्रति गृह मंत्रालय को भी भेजी गई है।’’

बोस पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर गए थे और पड़ोसी ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली पीड़िता और उसके माता-पिता से बात की थी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी ओडिशा से ताल्लुक रखती हैं।

इससे पहले दिन में मीडिया से बात करते हुए राज्यपाल ने कहा कि पीड़िता के माता-पिता की अपनी बेटी को ओडिशा वापस ले जाने की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।

बोस ने कहा, ‘‘हमें उनकी भावनाओं को समझना होगा। संकट की इस घड़ी में और भविष्य में उनकी मदद के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।’’

इससे पहले, बुधवार को ओडिशा के बालासोर से भाजपा सांसद प्रताप चंद्र सारंगी ने राजभवन में बोस से मुलाकात की और उन्हें दुर्गापुर घटना के बारे में अपने निष्कर्षों की जानकारी दी।

सारंगी ने बंगाल के राज्यपाल से मुलाकात के बाद इस बात पर संदेह जताया कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए लोग असली अपराधी हैं या ‘‘बलि का बकरा।’’

सारंगी ने कहा, ‘‘असली अपराधियों की पहचान के लिए पहचान परेड कराई जानी चाहिए। अभी भी यह स्पष्ट नहीं है कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोग असली अपराधी हैं या उन्हें दूसरों को बचाने के लिए गिरफ्तार किया गया है।’’

एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ उस समय कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया था, जब वह 10 अक्टूबर की रात को अपने एक पुरुष मित्र के साथ निजी मेडिकल कॉलेज परिसर से बाहर खाना खाने गई थी।

पुलिस ने अब तक इस अपराध में कथित संलिप्तता के लिए पीड़िता के दोस्त समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

भाषा

शफीक अविनाश

अविनाश