(तस्वीर के साथ)
निवाड़ी (मप्र), 15 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार श्री राम वन गमन पथ और भगवान कृष्ण से जुड़े स्थानों को तीर्थ स्थलों के रूप में विकसित करेगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए पहले ही धन आवंटित कर दिया गया है।
यादव ने कहा कि चित्रकूट और ओरछा में लगभग 2,200 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभी तक प्रदेश के 11 जिलों के 25 स्थलों को ‘राम वन गमन पथ’ से जोड़ा गया है। ये वे स्थान हैं जहां वनवास के समय भगवान श्रीराम गए थे। इनमें सतना में चित्रकूट सहित कई स्थल पहले से श्रीराम के प्रवास के लिए जाने जाते हैं। कुछ ऐसी जगहें भी हैं जहां माना जाता है भगवान राम आए थे या रुके थे पर वे प्रसिद्ध नहीं हैं यानी कम ज्ञात हैं।
यादव ने कहा, ‘‘श्री राम वन गमन पथ और भगवान कृष्ण से जुड़े जगहों को तीर्थ स्थलों के रूप में विकसित किया जाएगा। सरकार ने फंड को मंजूरी दे दी है।’’
उन्होंने निवाड़ी जिले के ओरछा में श्री राम राजा लोक के दूसरे चरण और अन्य विकास परियोजनाओं के लिए भूमि पूजन समारोह को संबोधित करते हुए ये घोषणाएं कीं।
उन्होंने कहा, ‘‘भगवान श्री राम का नाम ही काफी है। उनका नाम और गुण महान हैं। अपने गुणों, आचरण, अपने पिता के प्रति समर्पण और अपनी प्रजा की देखभाल के माध्यम से, राम सबसे सदाचारी भगवान श्री राम बने।’’
इससे पहले मुख्यमंत्री ने ओरछा में श्रीराम राजा सरकार मंदिर के प्रांगण में पूजा-अर्चना की।
उन्होंने ओरछा में मुख्य मंदिर के चारों ओर प्रस्तावित गलियारे, श्री राम राजा लोक के पहले चरण में स्वीकृत कार्यों का भी निरीक्षण किया।
यादव ने घोषणा की कि निवाड़ी शहर को नगर परिषद का दर्जा देने के लिए समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ओरछा को धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ एयर एंबुलेंस और हेलीकॉप्टर सेवाओं से भी जोड़ा जाएगा। इसके लिए हवाई पट्टी का निर्माण किया जाएगा।
यादव ने कहा कि अयोध्या और ओरछा के बीच संबंध 500 साल से अधिक पुराना है।
उन्होंने कहा, ‘‘ओरछा के बुंदेला शासक मधुकर शाह भगवान श्रीराम के भक्त थे। उनकी पत्नी और रानी कुंवरी गणेश 16वीं शताब्दी में भगवान राम को अयोध्या से ओरछा ले आई थीं।’’
यादव ने निवाड़ी जिले के लिए 332.85 करोड़ रुपये की 21 से अधिक विकास परियोजनाओं की घोषणा की।
इस मौके पर क्षेत्र के निवासियों के लिए नये सांदीपनी स्कूल और एक नये सरकारी महाविद्यालय का लोकर्पण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ओरछा में दिव्य कृपा से दिव्य एवं भव्य श्रीराम राजा लोक का निर्माण किया जा रहा है। आज श्रीराम राजा लोक के प्रथम चरण में 130 करोड़ रूपये के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।’’
उन्होंने कहा कि लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से श्री राम राजा लोक के दूसरे चरण की आधारशिला रखी जा रही है।
यादव ने कहा कि ऐतिहासिक स्मारकों और पुरातात्विक परिसर के संरक्षण की आधारशिला भी रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री राम राजा लोक के निर्माण से ओरछा में धार्मिक और पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘क्षेत्र के विकास से रोजगार के अवसर पैदा होंगे।’’
भाषा ब्रजेन्द्र
धीरज
धीरज