नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) संयुक्त राष्ट्र सैनिक योगदानकर्ता देशों (यूएनटीसीसी) के प्रमुखों के सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों के एक समूह ने बुधवार को आगरा की यात्रा की और भारतीय सेना की एक प्रस्तुति देखी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भारत 14-16 अक्टूबर तक इस सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, जिसमें दुनिया भर में संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में सैनिकों का योगदान करने वाले देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
यूएनटीसीसी संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों को मजबूत बनाने में प्रौद्योगिकी और प्रशिक्षण के संबंध में एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करता है।
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दिल्ली में विचार-विमर्श के बाद, यूएनटीसीसी प्रमुख आगरा गए, जहां उन्होंने 'एकीकृत नए युग की प्रौद्योगिकी का प्रदर्शन” देखा।
मंत्रालय के अनुसार भारतीय सेना द्वारा निर्मित नई पीढ़ी के उपकरणों की एक श्रृंखला भी प्रदर्शित की गई।
इस प्रदर्शन ने भारत के आत्मनिर्भरता पर जोर और शांति स्थापना तथा उससे परे समकालीन संचालन चुनौतियों का सामना करने के लिए आधुनिक, नवीन और किफायती समाधान प्रस्तुत करने की उसकी क्षमता को दर्शाया।
प्रतिनिधिमंडल ने ताज महल के भी दीदार किए।
भाषा जोहेब प्रशांत
प्रशांत