बेंगलुरु, 15 अक्टूबर (भाषा) बेंगलुरु में एक चिकित्सक पर अपनी पत्नी की हत्या का मामला दर्ज किया गया है। फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की रिपोर्ट में महिला की मौत के छह महीने बाद उसके अंगों में बेहोशी की दवा की मौजूदगी की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने बताया कि व्यवसायी के. मुनि रेड्डी (60) ने अपने दामाद डॉ महेंद्र रेड्डी जीएस (31) के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी थी जिसके बाद मंगलवार को मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार आरोप लगाया गया है कि चिकित्सक ने अपनी पत्नी डॉ कृतिका एम रेड्डी (28) की हत्या कर दी।
कृतिका मुनि रेड्डी की छोटी बेटी थी।
मुनि रेड्डी ने अपनी शिकायत में कहा कि उनकी बेटी एमबीबीएस और एमडी चिकित्सक थी और उसकी शादी 26 मई 2024 को बेंगलुरु में महेंद्र रेड्डी से हुई थी। महेंद्र रेड्डी भी एक चिकित्सक है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद, महेंद्र कृतिका को परेशान करने लगा। आरोप है कि महेंद्र ने कृतिका के परिवार पर एक बड़े अस्पताल के निर्माण के लिए पैसे देने का दबाव डाला।
मुनि रेड्डी ने आरोप लगाया कि 21 अप्रैल 2025 को महेंद्र ने कृतिका को घर पर यह कहते हुए नसों के माध्यम से बेहोशी की दवा दी कि यह पेट की तकलीफ के लिए है। उसने कृतिका को इस दवा की एक और खुराक दी। अगली सुबह कृतिका बेहोश पाई गई।
मुनि रेड्डी ने आरोप लगाया कि कृतिका को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बाद में पोस्टमार्टम और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की रिपोर्ट में उसके अंगों में बेहोश करने वाले पदार्थ की मौजूदगी की पुष्टि हुई।
पुलिस ने मुनि रेड्डी द्वारा दर्ज प्राथमिकी के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पहले दर्ज किए गए अप्राकृतिक मौत के मामले को हत्या के मामले में बदल दिया है।
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश