Breaking News

अमृतसर: अजनाला में 3 हैंड ग्रेनेड और RDX बरामद     |   अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के कई सैनिकों को बंदी बनाने का दावा किया     |   अहमदाबाद में हो सकते हैं 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स, 26 नवंबर को होगा फैसला     |   तमिलनाडु: AIADMK कल विधानसभा में कोल्ड्रिफ और किडनी रैकेट का मुद्दा उठाएगी     |   पाकिस्तान, अफगानिस्तान 48 घंटे के अस्थायी युद्धविराम पर सहमत     |  

छत्तीसगढ़ में पंचायत चुनाव के अंतिम चरण के लिए मतदान

छत्तीसगढ़ में पंचायत चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के लिए 50 विकासखंडों में रविवार को मतदान हो रहा है। बस्तर के नक्सल प्रभावित इलाकों के आठ मतदान केंद्रों के कर्मचारियों को हवाई मार्ग से उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया है। अंतिम चरण में 26,37,306 पुरुष, 26,91,000 महिलाएं और 65 ट्रांसजेंडर मतदाता समेत कुल 53,28,371 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। 50 विकास खंडों में 11,430 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

तीसरे चरण के लिए वोटों की गिनती 25 फरवरी को होगी। छत्तीसगढ़ में पंचायत या स्थानीय स्वशासन के चुनाव तीन स्तरों पर होते हैं - ग्राम पंचायत (गांव), जनपद पंचायत (ब्लॉक) और जिला पंचायत (जिला)। पंचायत चुनाव पार्टी आधारित नहीं होते हैं। तीसरे चरण में वार्ड पंच के लिए 76,199 उम्मीदवार, सरपंच के लिए 17,191, जनपद पंचायत सदस्यों के लिए 4,659 और जिला पंचायत सदस्यों के लिए 839 उम्मीदवार मैदान में हैं। नक्सली खतरे को देखते हुए बस्तर संभाग के सात जिलों में सुबह छह बजकर 45 मिनट से दोपहर 2 बजे तक और दूसरी जगहों पर सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा।

पुलिस के अनुसार बस्तर के नक्सल प्रभावित इलाकों में मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है और गश्त बढ़ा दी गई है। बस्तर क्षेत्र के सुकमा जिले के छह और नारायणपुर जिले के दो मतदान केंद्रों पर मतदान कर्मचारियों को सुरक्षित उतारने और चुनाव के बाद वापस लाने के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया जा रहा है। बस्तर के सुकमा जिले के छह और नारायणपुर जिले के दो मतदान केंद्रों पर मतदान कर्मचारियों को उतारने के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया जा रहा है। मतदान के बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से वापस लाया जाएगा। मतदान के लिए बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया जा रहा है।

मतदान के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्रों पर मतों की गिनती की जाएगी। 17 फरवरी को पहले चरण में 27,210 वार्ड पंच, 3,605 सरपंच, 911 जनपद पंचायत सदस्य और 149 जिला पंचायत सदस्यों के पदों के लिए मतदान हुआ था, जिसमें 81.38 प्रतिशत वोट पड़े थे।

दूसरे चरण का मतदान 20 फरवरी को हुआ था जिसमें 26,988 वार्ड पंच, 3,774 सरपंच, 899 जनपद पंचायत सदस्य और 138 जिला पंचायत सदस्यों के पदों पर चुनाव हुआ था। इस दिन 81.22 प्रतिशत मतदान हुआ था। छत्तीसगढ़ में हाल में हुए नगरीय निकाय चुनावों के नतीजे 15 फरवरी को घोषित किए गए। बीजेपी ने नगर निकायों पर कब्जा कर लिया और सभी 10 नगर निगमों में महापौर पद पर जीत हासिल की।