Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

अमेरिका के फ्लोरिडा में गोलीबारी, 6 बच्चों समेत करीब 12 लोग घायल

अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के टालाहसी में एक फुटबॉल स्टेडियम के पास गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस घटना में छह बच्चों समेत करीब 12 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि घायलों में कई लोगों को गोली लगी है, जबकि कम से कम तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना फ्लोरिडा ए एंड एम विश्वविद्यालय में पूर्व छात्रों के लिए आयोजित एक समारोह के दौरान हुई। गोलीबारी फुटबॉल मैच के बाद भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

टालाहसी के पुलिस प्रमुख लॉरेंस रेवेल ने शनिवार को बताया कि मामले में अभी तक किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और गोलीबारी के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि शुरुआती जांच में गोलीबारी से पहले झगड़ा होने की बात सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार, घायलों में से 11 लोगों को गोलियां लगी हैं। वहीं, कम से कम तीन घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।

इस घटना पर फ्लोरिडा ए एंड एम विश्वविद्यालय ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि गोलीबारी विश्वविद्यालय परिसर के पास हुई थी और परिसर सुरक्षित है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना में शामिल लोगों की पहचान और गोलीबारी के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।