मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह लखनऊ में जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को सभी शिकायतों का जल्द और संतोषजनक समाधान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ‘नर सेवा-नारायण सेवा’ के भाव से जनता की सेवा कर रही है। अधिकारियों को भी इसी भावना के साथ लोगों की मदद करनी चाहिए।
हर पीड़ित की समस्या का समाधान प्राथमिकता
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री खुद लोगों के पास पहुंचे और एक-एक करके उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समय पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए। सरकार का उद्देश्य लोगों की समस्याएं दूर करना और उनके जीवन में खुशहाली लाना है।
कमजोर लोगों की जमीन पर कब्जा करने वालों पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने जमीन पर अवैध कब्जे और कमजोर लोगों को परेशान करने के मामलों में सख्त रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिया कि अवैध कब्जा करने और निर्बल लोगों को उनकी जमीन से बेदखल करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा न जाए। ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि जमीन-जायदाद से जुड़े पारिवारिक विवादों को संबंधित पक्षों से बातचीत कर सुलझाने का प्रयास किया जाए। वहीं, राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ होना चाहिए। किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। सीएम योगी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पाने से वंचित लोगों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
बच्चे को चॉकलेट देकर सीएम योगी ने जताया अपनापन
जनता दर्शन के दौरान एक भावुक पल भी देखने को मिला। मां के साथ आए एक छोटे बच्चे से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्यार से बातचीत की। मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर बच्चा मुस्कुराने लगा। इसके बाद सीएम योगी ने उसे चॉकलेट दी, जिसे पाकर बच्चा खुशी से खिलखिला उठा। मुख्यमंत्री और बच्चे के बीच इस आत्मीय बातचीत को देखकर वहां मौजूद लोग भी खुश नजर आए।