Breaking News

दिल्ली पुलिस ने चलाया ऑपरेशन CyHawk 5.0, 800 से ज्यादा साइबर क्रिमिनल अरेस्ट     |   चारधाम यात्रा: आज 41,458 ने दर्शन किए, अब तक 37.7 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे     |   दिल्ली: पालम, द्वारका, वंसत विहार समेत कई इलाकों में आंधी-बारिश, बिजली की संभावना     |   हिमाचल प्रदेश: भूस्खलन की वजह से संजौली-ढली बाईपास बंद, लंबा ट्रैफिक जाम लगा     |   ‘आपसी सम्मान के माहौल में शांति कायम हो सकती है’, US-ईरान डील पर बोले पेजेशकियान     |  

मनसुख मांडविया ने साइक्लोथोन की अगुवाई की, पर्यावरण अनुकूल परिवहन पर दिया जोर

New Delhi: खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को यहां वर्ली कोस्टल साइकिल ट्रैक पर फिट इंडिया साइक्लोथोन का नेतृत्व किया और वैश्विक ईंधन आपूर्ति को लेकर चिंताओं के बीच पर्यावरण अनुकूल टिकाऊ परिवहन साधनों के इस्तेमाल पर जोर दिया। इस मौके पर पहलवान नरसिंह यादव और फिल्म अभिनेता जैकी श्राफ भी मौजूद थे। कार्यक्रम में फिटनेस उत्साही, साइकिलिस्ट और हर तबके के लोगों ने हिस्सा लिया।

मांडविया ने साइक्लोथोन को हरी झंडी दिखाई और प्रतिभागियों के साथ साइकिलिंग भी की। भारतीय कुश्ती महासंघ के खिलाड़ियों के आयोग के प्रमुख नरसिंह महाराष्ट्र पुलिस में डीसीपी भी हैं। मांडविया ने इस मौके पर कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के बीच तेल आपूर्ति चिंता का विषय है और इसलिये साइकिलिंग आवागमन का सर्वश्रेष्ठ जरिया है।

उन्होंने कहा ,‘‘पश्चिम एशिया के हालात को देखते हुए ईंधन की आपूर्ति की चिंताओं के बीच साइकिलिंग का टिकाऊ और पर्यावरण अनुकूल परिवहन के साधन के रूप में अधिक इस्तेमाल किया जाना चाहिये। ये अपने स्वास्थ्य के लिये ही नहीं बल्कि पर्यावरण और ऊर्जा संरक्षण के लिये भी अहम है।’’ फिट इंडिया साइक्लोथोन खेल और युवा कार्य मंत्रालय की फिटनेस को बढावा देने की मुहिम का हिस्सा है।