फिल्म 'चंदू चैंपियन' और वेब सीरीज 'दुपहिया' में अपने अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता भुवन अरोड़ा पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी वनेजा गुप्ता ने एक बेटे को जन्म दिया है। यह दंपति का पहला बच्चा है। भुवन अरोड़ा ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने बेटे के जन्म की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 9 जून को उनके घर बेटे का जन्म हुआ।
पोस्ट में भुवन ने पिता बनने के अनुभव को साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने कई लोगों से सुना था कि बच्चे के जन्म का वह एक पल जिंदगी बदल देता है, लेकिन उन्हें इसका एहसास उस दिन हुआ जब वह अस्पताल के लेबर रूम में अपनी पत्नी का हाथ थामे बैठे थे। उन्होंने अपनी पत्नी वनेजा की तारीफ करते हुए लिखा कि उन्होंने प्रसव के दौरान असहनीय दर्द को भी मुस्कुराते हुए सहन किया। भुवन ने कहा कि उस पल उन्हें महिलाओं की ताकत और साहस का एहसास हुआ।
अभिनेता ने आगे बताया कि जब उन्होंने पहली बार अपने बच्चे के रोने की आवाज सुनी तो वह पल उनके लिए बेहद खास था। हालांकि उस समय उनकी सबसे बड़ी चिंता यह थी कि उनकी पत्नी ठीक हैं या नहीं। भुवन ने अपनी पोस्ट के साथ बेटे के नन्हे पैरों की तस्वीर और एक फोटो भी साझा की, जिसमें वह और उनकी पत्नी अपने नवजात बेटे को प्यार से निहारते नजर आ रहे हैं।
पोस्ट सामने आने के बाद फिल्म और टीवी जगत से जुड़े कई कलाकारों, दोस्तों और प्रशंसकों ने उन्हें बधाई दी। करियर की बात करें तो भुवन अरोड़ा हाल ही में कार्तिक आर्यन की फिल्म 'चंदू चैंपियन' में नजर आए थे। इसके अलावा उन्होंने शाहिद कपूर की वेब सीरीज 'फर्जी', 'दुपहिया' और 'जनावर - द बीस्ट विदिन' जैसी परियोजनाओं में भी काम किया है।