Delhi: दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि पुलिस ने बच्चों की तस्करी करने वाले एक अंतर-राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही अभियान के दौरान पांच नवजात बच्चों को बचाया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी उस नेटवर्क का हिस्सा हैं जो अलग-अलग राज्यों में नवजात शिशुओं और बच्चों की तस्करी और गैर-कानूनी बिक्री में शामिल है। जांच करने वाले अधिकारी गिरोह के काम करने के तरीके, उसके अंतर-राज्यीय नेटवर्क और हर आरोपी की भूमिका की जांच कर रहे हैं।
पुलिस मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, डीसीपी (सेंट्रल) रोहित राजबीर सिंह ने कहा कि उन्होंने ये ऑपरेशन एक नागरिक से मिली जानकारी के आधार पर शुरू किया। उस नागरिक ने पहाड़गंज इलाके में एक महिला को देखा था जो हर बार अलग-अलग बच्चों के साथ वहां रह रही थी।
उन्होंने कहा, "हमने अपना मुखबिर नेटवर्क तैयार किया और इलाके में महिला की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद हमने ऑपरेशन शुरू किया।" पुलिस ने उससे संपर्क किया और टीम के एक सदस्य ने नकली ग्राहक बनकर उससे बात की।
डीसीपी ने पत्रकारों को बताया, "हमारी टीम के सदस्य के संपर्क करने पर उसने 20,000 रुपये की मांग की। पैसे मिलने के बाद उसने एक नवजात शिशु सौंप दिया।" ये गैंग दूर-दराज के इलाकों में गरीब परिवारों को निशाना बनाता था और उनके नवजात शिशुओं की तस्करी करता था। डीसीपी रोहित राजबीर ने बताया कि पिछले दो सालों में ऐसे लगभग 30 नवजात शिशुओं की तस्करी की गई।
उन्होंने कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार करने और दो अन्य का पता लगाने के बाद हमने अभी पांच नवजात शिशुओं को बचाया है। पुलिस ने कहा, "जिन परिवारों ने इन नवजात शिशुओं को अपने घर में रखा था, उन पर भी मामला दर्ज किया गया है। ऐसे ही एक जोड़े को ग्वालियर से पकड़ा गया है।"
दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक निजी अस्पताल के मालिक को गिरफ्तार किया गया है, जो नकली कागजात बनाता था और नवजात बच्चों को नए परिवारों को सौंप देता था। डीसीपी ने बताया कि इस मामले में घर में काम करने वाली एक महिला और एक फ्रीलांस लैब टेक्नीशियन को भी पकड़ा गया है, जिनका पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।