Breaking News

चेवेल्ला में पलटी सेना की गाड़ी, 7 जवान घायल     |   ग्लोबल माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं: एअर इंडिया     |   PM मोदी ने बेंगलुरु में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया     |   PM मोदी 16 नवंबर से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर जाएंगे, ASEAN और ईस्ट एशिया समिट में होंगे शामिल     |   Microsoft Outlook ठप! दुनियाभर में हजारों यूजर्स परेशान, Microsoft 365 पर भी असर     |  

जेवर में 1,219 करोड़ से बनेगा सीएनएच का ट्रैक्टर प्लांट, 1,200 लोगों को मिलेगा रोजगार

उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति मिल रही है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के आसपास यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र तेजी से बड़े औद्योगिक निवेश के केंद्र के रूप में उभर रहा है। इसी कड़ी में जेवर के सेक्टर-8डी में सीएनएच कंपनी 1,219 करोड़ रुपये के निवेश से ट्रैक्टर विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने जा रही है। इसके लिए यमुना प्राधिकरण ने कंपनी को 100 एकड़ जमीन आवंटित की है। इस परियोजना से करीब 1,200 लोगों को रोजगार मिलेगा। गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संयंत्र के भूमिपूजन समारोह में हिस्सा लिया।

ट्रैक्टर निर्माण से मजबूत होगा औद्योगिक ढांचा

सीएनएच का यह संयंत्र उत्तर प्रदेश में कृषि मशीनरी और ट्रैक्टर निर्माण को नई मजबूती देगा। इससे प्रदेश की विनिर्माण क्षमता बढ़ने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। परियोजना से ट्रैक्टर निर्माण से जुड़ी सहायक इकाइयों, कलपुर्जा आपूर्तिकर्ताओं, लॉजिस्टिक्स और अन्य सेवाओं को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी और छोटे-बड़े कारोबारियों को नए अवसर मिलेंगे।

एयरपोर्ट के आसपास विकसित हो रहा औद्योगिक इकोसिस्टम

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के मास्टर प्लान में औद्योगिक विकास को प्राथमिकता दी है। इसी योजना के तहत एयरपोर्ट के आसपास औद्योगिक सेक्टर विकसित किए गए हैं, ताकि बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाओं के जरिए देश-विदेश की कंपनियां यहां अपनी इकाइयां स्थापित कर सकें।

यीडा क्षेत्र में उत्तर भारत की प्रमुख एचसीएल-फॉक्सकॉन सेमीकंडक्टर चिप निर्माण परियोजना भी विकसित हो रही है। इसके साथ बड़े इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पर भी काम किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से हाईटेक विनिर्माण, निवेश और कुशल युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।

निवेश अनुकूल नीतियों से आकर्षित हो रहीं बड़ी कंपनियां

यमुना प्राधिकरण ने इन्वेस्ट यूपी की अनुशंसा और औद्योगिक निवेश, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) तथा फॉर्च्यून-500 कंपनियों से जुड़ी नीतियों के तहत औद्योगिक इकाइयों को जमीन आवंटित की है। इसका उद्देश्य निवेशकों को बेहतर औद्योगिक माहौल उपलब्ध कराना और प्रदेश में उत्पादन तथा रोजगार को बढ़ावा देना है।

यीडा क्षेत्र में ट्रैक्टर प्लांट के अलावा अपैरल पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क और डेटा सेंटर पार्क भी विकसित किए जा रहे हैं। इन औद्योगिक पार्कों के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियों को एक ही स्थान पर जरूरी सुविधाएं मिलेंगी। इससे बड़े उद्योगों के साथ छोटे और मध्यम उद्यमों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

बेहतर कनेक्टिविटी से बढ़ेगा निर्यात और कारोबार

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और अन्य परिवहन सुविधाओं से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने पर कंपनियों को कच्चा माल मंगाने और तैयार उत्पादों को देश-विदेश तक पहुंचाने में आसानी होगी।

आने वाले वर्षों में इस क्षेत्र में औद्योगिक बुनियादी ढांचे का और विस्तार होने की उम्मीद है। सीएनएच का ट्रैक्टर प्लांट इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे उत्तर प्रदेश की विनिर्माण क्षमता, निवेश और रोजगार के अवसरों को नई मजबूती मिलेगी।