Breaking News

चेवेल्ला में पलटी सेना की गाड़ी, 7 जवान घायल     |   ग्लोबल माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं: एअर इंडिया     |   PM मोदी ने बेंगलुरु में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया     |   PM मोदी 16 नवंबर से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर जाएंगे, ASEAN और ईस्ट एशिया समिट में होंगे शामिल     |   Microsoft Outlook ठप! दुनियाभर में हजारों यूजर्स परेशान, Microsoft 365 पर भी असर     |  

योगी सरकार की बड़ी उपलब्धि: व्यावसायिक शिक्षा के पांचों कौशल मानक पूरे करने वाला देश का पहला राज्य बना यूपी

उत्तर प्रदेश ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत व्यावसायिक शिक्षा के पांचों कौशल मानकों को अपने प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ऐसा करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है। योगी सरकार की इस पहल से अब स्कूली विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ा प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

इसके लिए उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की योजना 'प्रोजेक्ट प्रवीण' में दो नए मॉड्यूल जोड़े गए हैं। अब विद्यार्थियों को तकनीकी कौशल, सॉफ्ट स्किल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल दक्षता के साथ वित्तीय कौशल और उद्यमिता का प्रशिक्षण भी मिलेगा।

प्रोजेक्ट प्रवीण में शामिल हुए पांच कौशल मानक

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत व्यावसायिक शिक्षा को स्कूली पढ़ाई से जोड़ने पर जोर दिया गया है। इसी दिशा में प्रोजेक्ट प्रवीण के माध्यम से विद्यार्थियों को पांच तरह के कौशल सिखाए जा रहे हैं। इनमें तकनीकी कौशल, सॉफ्ट स्किल, AI और डिजिटल कौशल, वित्तीय कौशल और उद्यमिता विकास शामिल हैं।

पहले विद्यार्थियों को कम से कम 180 घंटे का तकनीकी प्रशिक्षण, 30 घंटे का सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण और 4 घंटे का AI एवं डिजिटल कौशल प्रशिक्षण दिया जाता था। अब इसमें 2 घंटे का वित्तीय कौशल और 2 घंटे का उद्यमिता विकास मॉड्यूल भी जोड़ दिया गया है।

बचत और अपना कारोबार शुरू करने की भी मिलेगी जानकारी

वित्तीय कौशल के तहत विद्यार्थियों को बचत, पैसों का सही प्रबंधन और आर्थिक फैसले लेने की बुनियादी जानकारी दी जाएगी। वहीं, उद्यमिता विकास मॉड्यूल के जरिए उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने और स्वरोजगार के अवसरों को समझने में मदद मिलेगी।

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के निदेशक पुलकित खरे की पहल पर इन नए मॉड्यूल को शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को कम उम्र से ही आर्थिक रूप से जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है।

515 विद्यालयों के करीब दो लाख विद्यार्थियों को मिलेगा प्रशिक्षण

वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रोजेक्ट प्रवीण के तहत प्रदेश के 515 विद्यालयों के करीब दो लाख विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के साथ सहायता प्राप्त विद्यालय, अटल आवासीय विद्यालय, सर्वोदय विद्यालय और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय भी शामिल हैं।

योजना के तहत कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ रोजगार से जुड़े कौशल सिखाए जाएंगे। इससे उन्हें भविष्य में नौकरी पाने के साथ अपना काम शुरू करने के लिए भी तैयार किया जा सकेगा।

स्कूल से ही आत्मनिर्भर बनने की तैयारी

योगी सरकार का लक्ष्य शिक्षा को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना है। प्रोजेक्ट प्रवीण के जरिए विद्यार्थियों को स्कूल के समय से ही व्यावहारिक ज्ञान और कामकाजी कौशल दिया जा रहा है।

पांचों कौशल मानकों को एक साथ जोड़ने से विद्यार्थियों में तकनीकी समझ, डिजिटल दक्षता, आर्थिक जागरूकता और कारोबार शुरू करने की क्षमता विकसित होगी। इससे युवा भविष्य में नौकरी पाने वाले ही नहीं, बल्कि दूसरों के लिए रोजगार पैदा करने वाले उद्यमी भी बन सकेंगे।