Breaking News

चेवेल्ला में पलटी सेना की गाड़ी, 7 जवान घायल     |   ग्लोबल माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं: एअर इंडिया     |   PM मोदी ने बेंगलुरु में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया     |   PM मोदी 16 नवंबर से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर जाएंगे, ASEAN और ईस्ट एशिया समिट में होंगे शामिल     |   Microsoft Outlook ठप! दुनियाभर में हजारों यूजर्स परेशान, Microsoft 365 पर भी असर     |  

योगी सरकार के तिगरी गंगा मेले में सजेगा सांस्कृतिक मंच, 17 कलाकार और 16 शिक्षण संस्थान देंगे प्रस्तुतियां

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में 15 से 25 नवंबर तक तिगरी गंगा मेले का आयोजन किया जाएगा। 10 दिनों तक चलने वाले इस मेले में श्रद्धालुओं को गंगा आरती, दीपदान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद मिलेगा। मेले के मुख्य सांस्कृतिक आयोजन 20 से 23 नवंबर तक होंगे। इस दौरान 17 कलाकार और सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जबकि 16 शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं भी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सांस्कृतिक पुनर्जागरण की सोच के अनुरूप आयोजित होने वाले इस मेले की थीम 'संस्कृति एवं आस्था का संगम' रखी गई है। आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार, नगर विकास विभाग और उत्तर प्रदेश पर्यटन के संयुक्त तत्वावधान में होगा।

वाराणसी की तर्ज पर होगी गंगा महाआरती

मेले के मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत 20 नवंबर को मां गंगा के पूजन के साथ होगी। चारों दिन शाम 4:30 बजे गंगा पूजन किया जाएगा। इसके बाद शाम 5:30 से 6:30 बजे तक दीपदान और गंगा आरती होगी। शाम 6 बजे वाराणसी की तर्ज पर भव्य गंगा महाआरती आयोजित की जाएगी।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी मुख्य अतिथि होंगी। इसके अलावा अमरोहा के सांसद कंवर सिंह तंवर, मंडलायुक्त संगीता सिंह, विधान परिषद सदस्य, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

20 और 21 नवंबर को इशिता विश्वकर्मा और बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुति

20 नवंबर को ब्लू बर्ड्स इंटरनेशनल कॉलेज, धनौरा की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ेगा। इसके बाद 'इंडियाज गॉट टैलेंट' से चर्चित इशिता विश्वकर्मा अपनी म्यूजिकल प्रस्तुति देंगी। अमरोहा की कथक नृत्यांगना तेजस्विनी शिव-दुर्गा नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेंगी। मथुरा के श्री गीत कृष्ण ब्रज सांस्कृतिक नृत्य और धीरेंद्र कुमार पांडे की कथक व लोक नृत्य प्रस्तुति भी होगी।

21 नवंबर को 'इंडियाज गॉट टैलेंट' का डांस ग्रुप क्रेजीहॉपर्स, बॉलीवुड गायक कुलदीप चौहान, जतिन निगम और गायिका दिव्यांशी मौर्य अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इस दिन शास्त्रीय नृत्यांगना ऐश्वर्या वर्मा भी मंच पर प्रस्तुति देंगी।

हेमंत बृजवासी की बॉलीवुड नाइट और फूलों की होली होगी खास

22 नवंबर को सारेगामा विजेता हेमंत बृजवासी अपनी बॉलीवुड नाइट से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसी दिन रुचि बलूनी रामायण पर आधारित प्रस्तुति देंगी। लखनऊ की रासरंग संस्था और ग्रुप लोकनृत्य पेश करेंगे, जबकि मुरारी लाल तिवारी गायन से समां बांधेंगे।

23 नवंबर को हरियाणवी गायक अजय हुड्डा अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा जुगनू जादूगर का जादू, राहुल जी का सांस्कृतिक नृत्य और मथुरा के दीपक शर्मा की फूलों की होली, रास व भजनों की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

16 शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी भी दिखाएंगे प्रतिभा

मेले में स्थानीय बच्चों और युवाओं को मंच देने के लिए 21 से 23 नवंबर तक विशेष सांस्कृतिक सत्र आयोजित होंगे। इनका समय दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। इसमें अमरोहा और आसपास के 16 शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।

इनमें द आर्यन, इंडन कॉन्वेंट स्कूल, ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल, शांति देवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल, सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल, हिल्टन कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जेबी इंटरनेशनल स्कूल, श्रीमद दयानंद कन्या गुरुकुल संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, सिंह बाबा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, राधा कृष्ण पब्लिक स्कूल, शेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल, राणा इंटरनेशनल स्कूल, लिटिल स्कॉलर्स एकेडमी और नोबल पब्लिक स्कूल सहित अन्य संस्थान शामिल हैं।

इस तरह तिगरी गंगा मेला 2026 में धार्मिक आयोजनों के साथ संगीत, नृत्य, लोककला और बच्चों की प्रतिभाओं को भी मंच मिलेगा। 15 से 25 नवंबर तक चलने वाला यह आयोजन श्रद्धालुओं और क्षेत्र के लोगों के लिए खास आकर्षण रहेगा।