उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी के कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह, नरेंद्र कश्यप और विधायक राजेश चौधरी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। बीजेपी नेताओं ने दावा किया कि 2027 में प्रदेश में फिर से एनडीए की सरकार बनेगी और किसी नए गठबंधन से पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा।
सपा सरकार में दंगाइयों के हवाले था उत्तर प्रदेश: भूपेंद्र सिंह
कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन से बीजेपी को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की 80 फीसदी जनता एनडीए के साथ है और उसे सरकार पर पूरा भरोसा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान प्रदेश में जातीय टकराव, तनाव और सांप्रदायिक हिंसा की घटनाएं होती थीं। उनके मुताबिक, सपा शासन में दलित महापुरुषों के नाम पर बनी संस्थाओं और स्थलों के नाम बदले गए और दलितों की जमीनों पर कब्जे किए गए। उन्होंने कहा कि जनता इन बातों को भूली नहीं है और 2027 में सपा को जवाब देगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से सरकार नहीं बनती: नरेंद्र कश्यप
मंत्री नरेंद्र कश्यप ने भी अखिलेश यादव पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में एक विशेष धर्म के लोगों को छात्रवृत्ति दी गई और एक खास जाति के लोगों को नौकरियां बांटी गईं। उन्होंने रामभक्तों पर गोली चलाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता सपा के शासनकाल को याद रखती है।
नरेंद्र कश्यप ने कहा कि केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से सरकार नहीं बनती। अखिलेश यादव को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश जमीन पर उतरकर काम करने से बचते हैं, जबकि बीजेपी के कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर काम करते हैं।
अखिलेश यादव पर दलित और सनातन विरोधी होने का आरोप
विधायक राजेश चौधरी ने कहा कि सनातन धर्म और हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करना अखिलेश यादव की राजनीति का आधार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में पार्टी के कार्यकर्ता डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्तियां तोड़कर तालाबों में फेंक देते थे।
राजेश चौधरी ने अखिलेश यादव को दलित विरोधी बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबका साथ, सबका विकास की नीति पर काम कर रहे हैं। बीजेपी नेताओं ने एक बार फिर दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी को जवाब देगी और प्रदेश में एनडीए की सरकार दोबारा बनेगी।