Breaking News

चेवेल्ला में पलटी सेना की गाड़ी, 7 जवान घायल     |   ग्लोबल माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं: एअर इंडिया     |   PM मोदी ने बेंगलुरु में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया     |   PM मोदी 16 नवंबर से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर जाएंगे, ASEAN और ईस्ट एशिया समिट में होंगे शामिल     |   Microsoft Outlook ठप! दुनियाभर में हजारों यूजर्स परेशान, Microsoft 365 पर भी असर     |  

सीएम योगी शनिवार को मेरठ और हापुड़ के दौरे पर, पूर्व सैनिकों को करेंगे सम्मानित और गंगा मेले की परखेंगे तैयारियां

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह हापुड़, मेरठ और अलीगढ़ जाएंगे। मुख्यमंत्री हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में आयोजित होने वाले कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले की तैयारियों का जायजा लेंगे। इसके बाद मेरठ में पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में शामिल होकर सैनिकों के शौर्य और बलिदान को नमन करेंगे।

गढ़मुक्तेश्वर में गंगा मेले की व्यवस्थाओं का करेंगे निरीक्षण

मुख्यमंत्री शनिवार सुबह लखनऊ से राजकीय विमान के जरिए गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर से हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर जाएंगे। वह कच्चा घाट, लठीरा और गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में गंगा मेले की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।

इसके बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जाएगा।

मेरठ में पूर्व सैनिकों के शौर्य को करेंगे नमन

गंगा मेले का निरीक्षण करने के बाद सीएम योगी मेरठ कैंट स्थित आरवीसी ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां से कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में शामिल होंगे। दोपहर 12 से 1 बजे तक प्रस्तावित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम के जरिए देश की सेवा करने वाले पूर्व सैनिकों के योगदान और उनके परिवारों के त्याग व समर्पण को सम्मान देंगे।

राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर के आवास पर देंगे श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री का मेरठ कैंट स्थित बैडमिंटन हॉल जाने का भी कार्यक्रम है। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेंद्र तोमर के शास्त्रीनगर स्थित आवास जाएंगे।

मुख्यमंत्री यहां सोमेंद्र तोमर के दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वह चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के हेलीपैड से अलीगढ़ के लिए रवाना होंगे।