Breaking News

G20 को बाजारों को राजनीति से मुक्त करने की दिशा में काम करना चाहिए: जयशंकर     |   आंध्र प्रदेश नगर निकाय चुनाव, कडप्पा में आज होगा मतदान     |   रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली आज     |   जापान में भूकंप के तेज झटके; दर्ज की गई 6.0 की तीव्रता     |   दिल्ली में INDIA गठबंधन रैली से पहले रामलीला मैदान के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम     |  

सीएम योगी ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का किया निरीक्षण, जल्द उद्घाटन की उम्मीद

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गौतमबुद्ध नगर जिले में बनने वाले नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की जगह का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि इस हवाई अड्डे के जल्द ही चालू होने की उम्मीद है। जिले के वरिष्ठ अधिकारियों और हवाई अड्डा प्राधिकरणों के साथ समीक्षा बैठक करने से पहले आदित्यनाथ ने जेवर में स्थलीय निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने बताया कि बैठक में परियोजना की प्रगति और इसके आगामी उद्घाटन की तैयारियों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक्स पर किए एक पोस्ट में कहा कि आदित्यनाथ ने संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी किए। अधिकारियों के अनुसार नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के सीईओ क्रिस्टोफ श्नेलमैन और सीओओ किरण जैन ने परियोजना से जुड़ी नवीनतम जानकारी प्रस्तुत की।

मुख्यमंत्री के साथ गौतमबुद्ध नगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, स्थानीय विधायक धीरेंद्र सिंह और तेजपाल नागर, जिलाधिकारी मेधा रूपम, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (वाईईआईडीए) के सीईओ राकेश सिंह, नोएडा प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम. और परियोजना के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया भी मौजूद थे।

सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल के तहत निर्मित होने वाले इस हवाई अड्डे का निर्माण चरणों में किया जाएगा। लगभग 1,300 हेक्टेयर में फैले पहले चरण में एक रनवे और एक टर्मिनल भवन शामिल होगा। अधिकारियों ने बताया कि चार चरणों में पूरी तरह विकसित होने के बाद, यह लगभग 5,000 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला होगा, जिससे यह क्षेत्रफल की दृष्टि से देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा बन जाएगा।

ये परियोजना उत्तर प्रदेश सरकार के लिए स्विस कंपनी ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विकसित की जा रही है। सरकार ने पहले 30 अक्टूबर को उद्घाटन की संभावित तिथि बताई थी, हालाँकि अधिकारियों ने अभी तक किसी नए कार्यक्रम की पुष्टि नहीं की है। मुख्यमंत्री ने पहले कहा था कि जेवर हवाई अड्डे से यात्री उड़ानें इस साल दिसंबर तक शुरू होने की उम्मीद है।