मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने बुधवार को कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम 2026 घोषित कर दिए। इस बार भी दोनों ही परीक्षाओं में छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छात्रों को पीछे छोड़ दिया। कक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) में नियमित छात्रों का कुल पास प्रतिशत 76.01% रहा, जो पिछले साल के 74.48% से बेहतर है। छात्राओं का पास प्रतिशत 79.41% रहा, जबकि छात्रों का 72.39% रहा। कुल 6,13,318 नियमित छात्रों में से 4,66,406 छात्र पास हुए। भोपाल की खुशी राय और चांदनी विश्वकर्मा (कॉमर्स) ने 500 में से 494 अंक लाकर टॉप किया।
अन्य विषयों में भी छात्राओं का दबदबा रहा। ह्यूमैनिटीज में श्रुति तोमर और आकाश अहिरवार (489 अंक), एग्रीकल्चर में तुलसी राजावत और चंचल कुशवाह (493 अंक), साइंस में तन्वी कुमावत (492 अंक), मैथ्स में श्लोक प्रजापति (493 अंक) और फाइन आर्ट्स में शाइस्ता कुरैशी (485 अंक) ने टॉप किया। जिला स्तर पर अनुपपुर और झाबुआ का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा।
वहीं, कक्षा 10वीं (हाई स्कूल) का कुल पास प्रतिशत 73.42% रहा, जो पिछले साल के 76.22% से थोड़ा कम है। यहां भी छात्राओं ने 77.52% पास प्रतिशत के साथ छात्रों (69.31%) से बेहतर प्रदर्शन किया। कुल 7,87,595 छात्रों में से 5,78,328 छात्र पास हुए। पन्ना जिले की प्रतिभा सिंह सोलंकी ने 500 में से 499 अंक हासिल कर प्रदेश में टॉप किया। बोर्ड परीक्षाएं कक्षा 12वीं के लिए 10 फरवरी से 7 मार्च और कक्षा 10वीं के लिए 13 फरवरी से 6 मार्च के बीच आयोजित की गई थीं। सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक ही शिफ्ट में हुईं।