Breaking News

मुंबई में BEST बस से टकराया टैंकर, 4 यात्री घायल     |   यूपी के हरदोई में मिलावट के शक में 38 हजार लीटर दूध जब्त     |   यूपी पशुपालन भर्ती घोटाले में रिटायर्ड IAS योगेश कुमार गिरफ्तार, सपा सरकार में थे प्रमुख सचिव     |   जौहर ट्रस्ट से जुड़ी वित्तीय गड़बड़ियों में आजम खान के खिलाफ ED ने दर्ज की FIR     |   नई दिल्ली से पटना के बीच चलेगी वंदे मातरम ट्रेन, रेलवे ने जारी किया शेड्यूल     |  

ओडिशा के संबलपुर में बिजली का करंट लगने से तीन हाथियों की मौत

ओडिशा के संबलपुर जिले में बिजली के तार के संपर्क में आने से तीन हाथियों की करंट लगने से मौत हो गई। इसमें एक उनका बच्चा भी था। वन अधिकारी ने सोमवार को ये जानकारी दी। राईराखोल डिवीजन के डिवीजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (डीएफओ) अरविंद मोहंती ने पीटीआई वीडियो को बताया कि संबलपुर जिले के नकटीदेउल इलाके में रविवार रात को हुई इस घटना में दो वयस्क मादा हाथियों और एक बच्चे की मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि पहली बार में ऐसा लगता है कि शिकारियों की ओर से जंगली सूअरों को फंसाने के लिए बिछाई गई बिजली के तार के संपर्क में आने से हाथी की मौत हो गई। वन अधिकारियों की स्पेशल टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची। डीएफओ ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद घटना के बारे में और जानकारी मिल पाएगी।

उन्होंने कहा कि हाथियों के शवों को जब्त कर लिया गया है। पशु चिकित्सकों की टीम पोस्टमार्टम करेगी। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) वन्यजीव, सुशांत नंदा ने इस घटना को "दुर्भाग्यपूर्ण" करार देते हुए कहा कि गश्ती दल और क्षेत्रीय अधिकारियों की ओर से लापरवाही बरती गई है। इस बीच, रविवार रात संबलपुर जिले के हातीबाड़ी गांव में एक जंगली हाथी ने 55 साल के व्यक्ति को कुचलकर मार डाला।पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान गणेश्वर के तौर पर हुई है।