मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार, 14 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। इस दौरान वह संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित शिक्षक एवं स्नातक महासम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। अपने दौरे के दौरान सीएम योगी कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे।
शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन को करेंगे संबोधित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शिक्षक एवं स्नातक महासम्मेलन संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित होगा। इसमें वाराणसी खंड के आठ जिलों के शिक्षक और स्नातक मतदाता शामिल होंगे। यह सम्मेलन विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है।
वाराणसी खंड विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है। इस चुनाव में वाराणसी और मीरजापुर मंडल के जिलों के साथ बलिया सहित कुल आठ जिले शामिल हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की करेंगे समीक्षा
अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ अधिकारियों के साथ बैठक कर वाराणसी में चल रहे विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों का भी जायजा लिया जाएगा। मुख्यमंत्री अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दे सकते हैं।
बाबा काल भैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में करेंगे दर्शन
वाराणसी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लेंगे। उनके दौरे को देखते हुए प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।