Breaking News

असम: ‘कांग्रेस के लोग देश को गुमराह करने में लगे हैं’, गुवाहाटी में बोले PM मोदी     |   'जर्मनी ईरान युद्ध का हिस्सा नहीं', नॉर्वे की यात्रा के दौरान बोले जर्मन चांसलर     |   ‘ईरान की सभी रक्षा कंपनियां जल्द तबाह होंगी’, अमेरिकी डिफेंस सेक्रेटरी ने कहा     |   महाराष्ट्र में धर्म स्वतंत्रता विधेयक 2026 विधानसभा में पेश किया गया     |   तेहरान में जिस स्क्वायर पर चल रहा था प्रोटेस्ट, वहां हुए जोरदार धमाके, दहल उठा ईरान     |  

शशि थरूर ने फ्रांस के मंत्री बेंजामिन हद्दाद से की मुलाकात, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग पर चर्चा

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने फ्रांस के यूरोपीय मामलों के मंत्री बेंजामिन हद्दाद से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और फ्रांस के बीच बढ़ते सहयोग पर चर्चा की। शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस मुलाकात की जानकारी देते हुए कहा कि बातचीत में शिक्षा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच संबंध (पीपल-टू-पीपल टाइज) को मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि भारत और फ्रांस के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं और कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ रहा है।

वहीं फ्रांस के मंत्री बेंजामिन हद्दाद ने भी इस बातचीत को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि फ्रांस और भारत वैश्विक मामलों में एक स्वतंत्र और मजबूत साझेदारी बना सकते हैं। इससे पहले बुधवार को भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरो से बातचीत की थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर चर्चा की।

फ्रांस के विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों ने इस मुद्दे पर बातचीत जारी रखने और तनाव कम करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई। जयशंकर 16 मार्च को ब्रसेल्स में होने वाली विदेश मामलों की परिषद (FAC) की बैठक में भी शामिल होंगे। दरअसल, अमेरिका और इजराइल के संयुक्त सैन्य अभियान में ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है। इसके जवाब में ईरान ने खाड़ी क्षेत्र के कई देशों में अमेरिकी और इजराइली ठिकानों को निशाना बनाया, जिससे समुद्री रास्तों और वैश्विक ऊर्जा बाजार पर असर पड़ा है।

अब युद्ध को 14 दिन हो चुके हैं और दोनों पक्षों के बीच हमले जारी हैं। इस बीच ईरान ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की चेतावनी भी दी है, जिससे कई देशों की ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। उधर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। गुटेरेस ने सभी पक्षों से हिंसा रोकने, अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तनाव कम करना और संवाद ही इस संकट से निकलने का एकमात्र रास्ता है।