Breaking News

तेहरान में जिस स्क्वायर पर चल रहा था प्रोटेस्ट, वहां हुए जोरदार धमाके, दहल उठा ईरान     |   ईरान: तेहरान में कुद्स रैली के दौरान जोरदार धमाका, US-इजरायल के खिलाफ था प्रोटेस्ट     |   गुजरात: LPG संकट पर कांग्रेस समेत विपक्षी MLAs ने विधानसभा परिसर में हंगामा किया     |   ईरानी विदेश मंत्री अराघची ने एस जयशंकर को अमेरिका-इजरायल के हमलों की जानकारी दी     |   भारत और ईरान के विदेश मंत्रियों ने क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर फोन पर बात की     |  

तेहरान के पूर्वी रिहायशी इलाके में जोरदार धमाका, कई लोग घायल

ईरान की राजधानी तेहरान के पूर्वी इलाके में एक रिहायशी क्षेत्र में बड़ा धमाका हुआ है। यह घटना उस समय हुई जब इजराइली वायुसेना (IAF) ने ईरान के कई ठिकानों पर नए हमले किए। ईरान के सरकारी चैनल प्रेस टीवी के अनुसार धमाके के बाद कई घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया। इजराइली वायुसेना ने शुक्रवार को कहा कि उसने तेहरान, शिराज और अहवाज में ईरानी शासन से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ हमले किए हैं। इजराइल के मुताबिक इन हमलों में मिसाइल बनाने और स्टोर करने वाले ठिकानों, एयर डिफेंस सिस्टम और सैन्य ढांचे को निशाना बनाया गया।

इजराइल ने दावा किया कि दक्षिणी ईरान के शिराज शहर में एक भूमिगत ठिकाने पर हमला किया गया, जहां कथित तौर पर बैलिस्टिक मिसाइलों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था। वहीं तेहरान में एयर डिफेंस सिस्टम के मुख्य ठिकानों पर भी हमला किया गया। इजराइली सेना के अनुसार इन हमलों में हथियार बनाने वाले कई कारखाने, एयर डिफेंस सिस्टम और मिसाइल से जुड़े उपकरण भी नष्ट किए गए। इसके अलावा पश्चिमी ईरान के अहवाज शहर में कई सरकारी मुख्यालयों को भी निशाना बनाया गया।

इजराइली वायुसेना ने बताया कि पिछले 24 घंटों में उसने पश्चिमी और मध्य ईरान में 200 से ज्यादा ठिकानों पर हमले किए। इन हमलों में बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चर, रक्षा प्रणाली और हथियार बनाने वाले ठिकाने शामिल थे। इजराइल ने कहा कि ये हमले “ऑपरेशन रोअर ऑफ द लायन” के तहत किए जा रहे हैं, जिसका मकसद इजराइल पर होने वाले हमलों की क्षमता को कम करना है।

इस बीच इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता आयतुल्ला मोजतबा खामेनेई को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने संकेत दिया कि इजराइल ईरान के शीर्ष नेताओं को भी निशाना बना सकता है। जब उनसे पूछा गया कि क्या इजराइल मोजतबा खामेनेई को भी निशाना बनाएगा, तो नेतन्याहू ने कहा कि वे किसी भी आतंकवादी संगठन के नेताओं को “जीवन की गारंटी” नहीं दे सकते। नेतन्याहू ने मोजतबा खामेनेई को ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड का “कठपुतली” बताया और कहा कि वह सार्वजनिक रूप से सामने आने से भी बचते हैं।