पंजाब पुलिस ने मादक पदार्थों के खतरे के खिलाफ जारी अभियान के तहत 501 स्थानों पर छापे मारे और 75 तस्करों को गिरफ्तार किया। राज्यभर में 53 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। 75 तस्करों को गिरफ्तार किए जाने के साथ, छह दिन में गिरफ्तार किए गए मादक पदार्थ तस्करों की कुल संख्या 622 तक पहुंच गई है।
पुलिस के मुताबिक छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किए गए मादक पदार्थ तस्करों के कब्जे से 8.2 किलोग्राम हेरोइन, 4.5 किलोग्राम अफीम, 1,294 नशीली गोलियां या इंजेक्शन और 1.04 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के निर्देश पर राज्य के सभी जिलों में ये अभियान चलाया गया।
पिछले हफ्ते पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए तीन महीने की समय सीमा तय की थी। राज्य सरकार मादक पदार्थों की समस्या के विरुद्ध नए सिरे से चलाए जा रहे अभियान के तहत मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और कुछ स्थानों पर उनकी संपत्तियों को भी ध्वस्त किया गया है। राज्य सरकार ने मादक पदार्थों के खतरे के खिलाफ कार्रवाई की निगरानी के लिए एक कैबिनेट उप-समिति भी गठित की।
1,700 से अधिक पुलिसकर्मियों वाले 250 से अधिक पुलिस दलों ने पूरे राज्य में छापेमारी की और दिनभर चले अभियान के दौरान 635 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। इस बीच, अमृतसर नगर निगम ने पंजाब पुलिस के सहयोग से मादक पदार्थ तस्करों द्वारा बनाए गए दो मंजिला मकानों और दुकानों को ध्वस्त कर दिया। ध्वस्त की गई संपत्तियां दो कुख्यात मादक पदार्थ तस्करों गुरमीत सिंह और संदीप सिंह उर्फ सोनू की थीं। इस अपराध में शामिल लोगों या अपराधियों को बचाने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे उनका पद या प्रभाव कुछ भी हो।
पंजाब पुलिस ने 501 स्थानों पर छापे मारे, 75 मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार
You may also like
राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर सोनिया, राहुल, प्रियंका गांधी और खरगे ने दी श्रद्धांजलि.
पांच देशों के दौरे से लौटे पीएम मोदी, इटली के साथ रिश्ते हुए और मजबूत.
बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर फिर से मतदान, 285 बूथों पर री-पोलिंग जारी.
दिल्ली में 24 घंटे में 5 हत्याएं, दो डबल मर्डर से दहली राजधानी.