Breaking News

लद्दाख की मांगों पर सोनम वांगचुक ने तय की डेडलाइन     |   IRCTC केस में लालू परिवार पर 10 सितंबर को फैसला     |   बिहार में गंगा का जलस्तर रिकॉर्ड ऊंचाई पर, 12 जिलों में 22.42 लाख लोग प्रभावित     |   दिल्ली: सत्य निकेतन हादसे में बिल्डिंग मालिक की तलाश में 10 पुलिस टीमें गठित     |   दिल्ली सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसा: एक और शव बरामद, मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हुई     |  

‘Heartbeats Season 2’ का ट्रेलर रिलीज, शिवांगी जोशी और हर्ष बेनीवाल फिर दिखेंगे साथ

टीवी और फिल्म अभिनेत्री शिवांगी जोशी जल्द ही वेब सीरीज ‘Heartbeats’ के दूसरे सीजन में डॉक्टर सांझ के किरदार में वापसी करने जा रही हैं। सोमवार को इस मेडिकल ड्रामेडी सीरीज के दूसरे सीजन का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया। तनमय रस्तोगी के निर्देशन और अमोघ रणदिवे व गरिमा कुंजड़ू के लेखन में बनी इस 20 एपिसोड की सीरीज को रस्क मीडिया ने प्रोड्यूस किया है। सीजन 2 में हर्ष बेनीवाल और शिवांगी जोशी के साथ रोहन गुरबक्सानी, युवराज दुआ, नकिया हाजी, अंकित सिवाच और अदिति शर्मा भी नजर आएंगे।

ट्रेलर की शुरुआत डॉ. अक्षत (हर्ष बेनीवाल) और डॉ. सांझ (शिवांगी जोशी) के बीच अनसुलझे मतभेदों और उनसे पैदा होने वाली परेशानियों से होती है। इसके बाद कहानी वेरिडियन अस्पताल में सामने आने वाली अलग-अलग घटनाओं और चुनौतियों को दिखाती है। कहानी में युवा डॉक्टर अपने करियर में आगे बढ़ने के मौके तलाशते नजर आते हैं, लेकिन इसी बीच एक मेडिकल घोटाला सामने आता है, जो अस्पताल की व्यवस्था के कई काले राज उजागर करने की धमकी देता है। महत्वाकांक्षा और निजी रिश्तों के बीच फंसे किरदारों के सामने कई मुश्किल फैसले आते हैं।

सीरीज के दूसरे सीजन को लेकर प्राइम वीडियो इंडिया के AVOD कंटेंट के डायरेक्टर और हेड अमोघ ने कहा कि ‘Heartbeats’ की खासियत अस्पताल की जिंदगी और उसके पीछे छिपी भावनाओं और रिश्तों को दिखाना है। उनके मुताबिक, दूसरे सीजन में कहानी और ज्यादा गहरी और अप्रत्याशित होगी।

हर्ष बेनीवाल ने डॉ. अक्षत के किरदार में वापसी को लेकर कहा कि इस सीजन में अक्षत की भावनाओं और उसके फैसलों की कड़ी परीक्षा होगी। उनके मुताबिक, इस बार किरदार के सामने पहले से कहीं ज्यादा चुनौतियां हैं और दर्शकों को उसका एक नया पक्ष देखने को मिलेगा। वहीं, शिवांगी जोशी ने डॉ. सांझ के किरदार में वापसी को लेकर कहा कि इस सीजन में सांझ खुद को लेकर पहले से ज्यादा स्पष्ट नजर आएगी, लेकिन उसके आसपास के रिश्ते और परिस्थितियां चीजों को और जटिल बना देंगी। उन्होंने कहा कि सीजन में इमोशन, रोमांस और ड्रामा के साथ-साथ बड़े होने और अपने फैसलों पर कायम रहने की कहानी भी देखने को मिलेगी। ‘Heartbeats Season 2’ जल्द ही Prime Video पर स्ट्रीम होगी।