कोलकाता डॉक्टर रेप और मर्डर केस के बाद गृह मंत्रालय सख्त हो गया है. डॉक्टरों के विरोध प्रदर्शन के बीच मंत्रालय ने बड़ा कदम उठाया है. सभी राज्यों से हर दो घंटे में लॉ एंड ऑर्डर रिपोर्ट मांगी गई है. कलकत्ता की घटना के बाद गृह मंत्रालय ने ये फैसला लिया है. आदेश में कहा गया है कि सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश हर दो घंटे में केंद्रीय गृह विभाग को राज्य की लॉ एंड ऑर्डर रिपोर्ट भेजेंगे.
गृह मंत्रालय के आदेश के बाद राज्यों की पुलिस ने शुक्रवार शाम 4 बजे से ईमेल, फैक्स और व्हाट्सएप के जरिए केंद्रीय गृह मंत्रालय के कंट्रोल रूम को अपडेट्स भेजना शुरू कर दिया है. कोलकाता के आरजी कर कॉलेज और अस्पताल की उस भयावह घटना के बाद देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं. डॉक्टरों में आक्रोश है. वे लगातार विरोध जता रहे हैं. हड़ताल कर रहे हैं. पीड़िता को इंसाफ दिलाने की बात कर रहे हैं.