दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में रविवार सुबह दाल मिल की एक फैक्ट्री में आग लग गई। सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है। फिलहाल घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के सहायक मंडल अधिकारी पारस कुमार के मुताबिक, विभाग को सुबह करीब 11:10 बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआत में चार से पांच दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग बुझाने के लिए बाद में दमकल गाड़ियों की संख्या बढ़ाकर नौ से दस कर दी गई।
आग बुझने के बाद कूलिंग ऑपरेशन जारी
पारस कुमार ने बताया कि आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है और अब कूलिंग की प्रक्रिया चल रही है। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि फैक्ट्री में दोबारा आग न भड़के।
फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। घटना में किसी के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी भी नहीं दी गई है।
कालकाजी में भी लगी थी आग
इससे पहले 16 अक्टूबर को दिल्ली के कालकाजी इलाके में मुख्य सड़क पर स्थित एक इमारत की दूसरी मंजिल पर बने कार्यालयों में आग लग गई थी। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग ने तीन वाटर टेंडर और एक मल्टी-पर्पज कंबाइंड फायर रेस्क्यू वाहन मौके पर भेजा था। दमकल विभाग के अनुसार, उस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी। आग बुझाने के बाद वहां भी कूलिंग ऑपरेशन चलाया गया था।