Breaking News

पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों पर 24 जुलाई को उपचुनाव     |   जिमखाना क्लब केस: दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा     |   महाराष्ट्र: बारिश से नए मुंबई-गोवा हाईवे में आई बड़ी दरार, यातायात रोका गया     |   उत्तराखंड: 24 घंटे में 16mm औसत बारिश, बागेश्वर में सबसे अधिक 73.4mm रिकॉर्ड वर्षा     |   गृह मंत्री अमित शाह आज कोलकाता में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती कार्यक्रम में होंगे शामिल     |  

जम्मू-कश्मीर दौरे पर BJP अध्यक्ष नितिन नबीन, आज विशाल जनसभा तो कल संगठनात्मक बैठकों में होंगे शामिल

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार से जम्मू के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। वह पहले दिन जम्मू शहर के मिश्रीवाला क्षेत्र में एक विधान, एक निशान, एक प्रधान के लिए जम्मू-कश्मीर में बलिदान देने वाले जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर होने वाले सम्मेलन में शामिल होंगे। जबकि सात जुलाई को जम्मू के डोगरा चौक में पंडित प्रेमनाथ डोगरा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस बीच वह प्रदेश के युवाओं से सीधा संवाद करने के साथ कई अन्य कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नवीन का प्रदेश का यह पहला दौरा है। 

प्रदेश भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को गत अप्रैल में जम्मू-कश्मीर आने का निमंत्रण दिया था, जिसे उन्होंने डॉ. मुखर्जी की जयंती के दिन को जम्मू कश्मीर में आने के लिए चुना। मिश्रीवाला के मैजेस्टिक ग्रैंड में होने वाले कार्यक्रम में बीस हजार के करीब कार्यकर्ताओं को लाने की तैयारी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को कामयाब बनाने के लिए रविवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व राज्यसभा के सदस्य सत शर्मा, संगठन महामंत्री अशोक कौल व पार्टी के अन्य नेताओं ने मिश्रीवाला का दौरा कर सम्मेलन स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया। इस बीच प्रदेशाध्यक्ष ने पार्टी नेताओं के साथ बैठकें कर आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार दोपहर सवा बारह बजे के करीब जम्मू पहुंचेंगे। उनका जम्मू एयरपोर्ट, सतवारी, महिला कालेज गांधीनगर और एमए स्टेडियम के बाहर स्वागत किया जाएगा। दोपहर 1:15 बजे मिश्रीवाला के मैजेस्टिक ग्रैंड में सम्मेलन को संबोधित करेंगे और दोपहर चार बजे के करीब पार्टी मुख्यालय में पदाधिकारियों से बैठक करेंगे।

सात जुलाई को नवीन सुबह श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन करेंगे। इसके बाद सुबह 10:30 बजे डोगरा चौक में पंडित प्रेमनाथ डोगरा की प्रतिमा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। सुबह 11:30 बजे जम्मू के कन्वेंशन सेंटर में सांसदों, विधायकों के साथ बैठक और दोपहर 2:30 बजे पूर्व निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 3:30 बजे कन्वेंशन सेंटर में युवा संवाद कार्यक्रम होगा।