Breaking News

नेपाल के NDRRMA ने भोटेकोशी नदी में बाढ़ की स्थिति को लेकर हाई अलर्ट जारी किया     |   चीन: शी जिनपिंग ने तिब्बत में भूस्खलन के बाद राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की     |   नेपाल बाढ़: प्रधानमंत्री और मंत्रियों की एक महीने की सैलरी आपदा कोष में जमा होगी     |   नेपाल से आई बड़ी खुशखबरी! त्रिशूली हाइड्रो प्रोजेक्ट साइट से रेस्क्यू किए गए 350 मजदूर     |   नेपाल में त्रिशूली हाइड्रोपावर टनल में फंसे 350 मजदूरों का रेस्क्यू, कई भारतीय भी शामिल     |  

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट, तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

हिमाचल प्रदेश में मानसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार के लिए कांगड़ा, ऊना और सिरमौर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार चंबा, मंडी और शिमला जिलों में भी कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, सड़कों पर फिसलन, दृश्यता कम होने और वाहनों के फिसलने का खतरा बढ़ सकता है। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ जरूरी सेवाओं और दैनिक गतिविधियों पर भी असर पड़ सकता है।

आईएमडी ने लोगों और पर्यटकों से मौसम संबंधी ताजा जानकारी पर नजर रखने, प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने और भूस्खलन संभावित इलाकों में यात्रा से बचने की अपील की है। लोगों को नदियों, नालों और अन्य जल स्रोतों से भी सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। इस बीच, प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में भारी बारिश के कारण कई जगह फ्लैश फ्लड (अचानक आई बाढ़) की स्थिति बन गई है। तेज बारिश के बाद मीरू नाले में पानी का बहाव अचानक बढ़ गया, जिससे मलबा, बड़े पत्थर और कीचड़ चोलिंग के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (NH-5) पर आ गया। इससे करीब 30 मीटर सड़क पूरी तरह बंद हो गई और यातायात ठप हो गया।

इसके अलावा रिब्बा-कांडे लिंक रोड का एक हिस्सा भी बह गया है। कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं, लेकिन राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और सड़क बहाली का काम शुरू कर दिया है। साथ ही लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।