Breaking News

नेपाल के NDRRMA ने भोटेकोशी नदी में बाढ़ की स्थिति को लेकर हाई अलर्ट जारी किया     |   चीन: शी जिनपिंग ने तिब्बत में भूस्खलन के बाद राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की     |   नेपाल बाढ़: प्रधानमंत्री और मंत्रियों की एक महीने की सैलरी आपदा कोष में जमा होगी     |   नेपाल से आई बड़ी खुशखबरी! त्रिशूली हाइड्रो प्रोजेक्ट साइट से रेस्क्यू किए गए 350 मजदूर     |   नेपाल में त्रिशूली हाइड्रोपावर टनल में फंसे 350 मजदूरों का रेस्क्यू, कई भारतीय भी शामिल     |  

मुंबई, पुणे और गोवा में भारी बारिश का असर, अकासा एयर की कई उड़ानें हो सकती हैं लेट

मुंबई, पुणे और गोवा में लगातार हो रही भारी बारिश का असर हवाई सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। अकासा एयर ने यात्रियों को आगाह किया है कि खराब मौसम के कारण उसकी कई उड़ानें देरी से संचालित हो सकती हैं। एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जारी बयान में कहा कि भारी बारिश के चलते उसके नेटवर्क की कुछ फ्लाइट्स प्रभावित हो सकती हैं। कंपनी ने यात्रियों से धैर्य रखने और एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांचने की अपील की है।

अकासा एयर ने कहा कि मौसम की यह स्थिति उसके नियंत्रण से बाहर है, लेकिन यात्रियों की सहायता के लिए उसकी टीमें पूरी तरह तैयार हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी उड़ान की ताजा स्थिति देख लें। इस बीच, हाल ही में अकासा एयर ने अपने बेड़े में 40वां विमान शामिल कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। बोइंग 737 MAX 8-200 विमान 3 जुलाई 2026 को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा।

एयरलाइन के अनुसार, अगस्त 2022 में परिचालन शुरू करने के बाद से यह उसकी तेज़ विकास यात्रा का बड़ा पड़ाव है। वर्ष 2026 में अब तक कंपनी अपने बेड़े में 9 नए विमान शामिल कर चुकी है। अकासा एयर ने बोइंग से कुल 226 Boeing 737 MAX विमानों का ऑर्डर दिया है। इनमें से 186 विमान अगले छह वर्षों में चरणबद्ध तरीके से कंपनी को मिलेंगे, जिससे एयरलाइन अपने नेटवर्क और सेवाओं का और विस्तार करेगी।