Breaking News

कामाख्या मंदिर पहुंचीं निर्मला सीतारमण, मां कामाख्या के दर्शन कर की पूजा-अर्चना     |   अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शिल्पा शेट्टी ने दिया फिटनेस का संदेश, कहा- योग को जीवनशैली बनाएं     |   अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अक्षय कुमार ने किया योग, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के साथ हुए शामिल     |   दिल्ली पुलिस ने 80 लाख रुपये की ऑनलाइन निवेश ठगी का किया भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार     |   नीट-यूजी पुनर्परीक्षा: देशभर में सुरक्षा कड़ी, परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां पूरी     |  

IPL 2026: 'इस सीजन में हमारे पास ज्यादा विकल्प नहीं', SRH से मिली हार के बाद बोले हार्दिक पांड्या

IPL 2026: मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ छह विकेट से मिली हार के बाद स्वीकार किया कि टीम का गेंदबाजी संसाधन सीमित है, लेकिन उन्होंने दबाव में समाधान खोजने की आवश्यकता पर जोर दिया और माना कि मुंबई इंडियंस इस सीजन में अपने ही उच्च मानकों पर खरी नहीं उतर रही है।

243 रन बनाकर पांच विकेट गंवाने के बावजूद, मुंबई इंडियंस को हार का सामना करना पड़ा क्योंकि सनराइजर्स हैदराबाद ने आठ गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया, जबकि उनके मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का दिन अच्छा नहीं रहा, उन्होंने अपने चार ओवरों में 54 रन दिए और एक भी विकेट नहीं ले पाए। इस हार के बाद मुंबई इंडियंस आठ मैचों में चार अंकों के साथ निचले पायदान पर आ गई, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद नौ मैचों में 12 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई।

पांड्या ने कहा, "मुझे लगता है कि इस सीजन में हमारे पास ज्यादा विकल्प नहीं हैं, हमें वाकई देखना होगा कि हम क्या-क्या बदलाव कर सकते हैं। मैं अपने गेंदबाजों को दोष नहीं दूंगा।मुझे लगता है कि एक टीम के तौर पर हम वो नहीं कर पाए हैं जिसके लिए मुंबई इंडियंस जानी जाती है।"

उन्होंने आगे कहा, "हमें वास्तव में यह देखने की जरूरत है कि हमें किन-किन चीजों पर काम करने की जरूरत है।" मुंबई इंडियंस के कप्तान ने कहा कि फ्रेंचाइजी मालिकों और सहायक कर्मचारियों के निरंतर समर्थन से टीम को मुश्किलों से निकलने का रास्ता मिल जाएगा।

उन्होंने कहा, "हमारे पास उत्साही मालिक और सहायक कर्मचारी हैं, उम्मीद है कि हम कोई न कोई हल निकाल लेंगे।" उन्होंने इस मुकाबले में छूटे हुए कैचों को भी मैच का टर्निंग पॉइंट बताया। उन्होंने कहा, "यह सीजन कुछ ऐसा ही रहा है, अगर आपको कुछ मौके मिलते हैं, तो आपको उन्हें भुनाना ही होगा, वरना आपको उसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। लेकिन कोई बात नहीं, सभी लड़कों ने बहुत मेहनत की है।"

हालांकि, इस हार का असर वानखेड़े के माहौल में भी साफ दिखा, जिसे हार्दिक ने बेझिझक स्वीकार किया।उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हमने फैंस को हमारा साथ देने का ज्यादा मौका नहीं दिया है। वे शानदार रहे हैं, वे वफादार रहे हैं, जब वे मैदान पर आकर विरोधी टीम के खिलाड़ियों के नाम के नारे लगाते हैं, तो थोड़ा दुख होता है। लेकिन उनका प्यार वापस पाने के लिए हमें उन्हें और ज्यादा मनोरंजन देना होगा।"