Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

योगी सरकार का दिवाली गिफ्ट, राज्य कर्मचारियों को मिलेगा 30 दिन का बोनस, दैनिक वेतनभोगियों को भी लाभ

दिवाली से पहले उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पात्र सरकारी कर्मचारियों को 30 दिन का बोनस देने की मंजूरी दी है। सरकार के इस फैसले से हजारों कर्मचारियों के चेहरे पर त्योहार से पहले खुशी आएगी। इस बोनस का लाभ गैर-राजपत्रित राज्य कर्मचारियों के साथ शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के पात्र कर्मचारियों को भी मिलेगा।

बोनस का 25 प्रतिशत नकद और 75 प्रतिशत PF खाते में

सरकार के आदेश के मुताबिक, कर्मचारियों को बोनस की कुल राशि का 25 प्रतिशत नकद दिया जाएगा, जबकि बाकी 75 प्रतिशत उनके भविष्य निधि (PF) खाते में जमा किया जाएगा। हालांकि, जो कर्मचारी पहले ही रिटायर हो चुके हैं या जल्द सेवानिवृत्त होने वाले हैं, उन्हें बोनस की पूरी रकम नकद दी जाएगी।

इसके अलावा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी बोनस का लाभ मिलेगा। उनके लिए अधिकतम 1,184 रुपये बोनस देने का प्रावधान किया गया है। सरकार के इस फैसले से त्योहार के दौरान कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

धनतेरस पर स्थानीय कारीगरों के उत्पाद खरीदने की अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धनतेरस के मौके पर प्रदेशवासियों से स्थानीय कारीगरों और हस्तशिल्पियों के उत्पाद खरीदने की अपील भी की है। उन्होंने कहा कि धनतेरस समृद्धि, शुभता और खुशहाली का प्रतीक है। ऐसे में त्योहार की खुशियों में प्रदेश के मेहनती कारीगरों और शिल्पकारों को भी शामिल करना चाहिए।

सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' विजन का जिक्र करते हुए लोगों से धनतेरस पर उपहार के रूप में एक जिला एक उत्पाद (ODOP) के सामान खरीदने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपकी एक छोटी सी खरीदारी किसी हुनरमंद परिवार के घर में आत्मनिर्भरता और सम्मान का दीप जला सकती है।

लोकल दिवाली मनाने का किया आह्वान

मुख्यमंत्री ने लोगों से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश बनाने में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग इस बार 'लोकल दिवाली' मनाएं और प्रदेश के कारीगरों के बनाए उत्पादों को प्राथमिकता दें।

दिवाली पांच दिनों तक मनाया जाने वाला त्योहार है। इसकी शुरुआत धनतेरस से होती है। इसके बाद छोटी दिवाली, मुख्य दिवाली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज मनाई जाती है। दिवाली के दिन भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है। मान्यता है कि इससे घर में सुख, शांति और समृद्धि आती है।