उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव यादव समाज के भीतर भी भेदभाव कर रहे हैं। राजभर ने सवाल उठाया कि वर्ष 2017 से 2024 के बीच समाजवादी पार्टी ने कितने घोसी (ग्वाला) और कितने कमरिया समाज के लोगों को टिकट दिया।
'अहीर-अहीर में भी भेदभाव कर रहे अखिलेश'
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि उन्होंने पहली बार ऐसा यादव नेता देखा है, जो अहीर-अहीर के बीच भी भेदभाव करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव 15 फीसदी कमरिया समाज को अपना मानते हैं, जबकि 85 फीसदी घोसी यानी ग्वाला समाज की अनदेखी कर रहे हैं।
'2027 में सपा को दिखाएगा बुरा दौर'
राजभर ने कहा कि गाय-भैंस की सेवा करने वाला अहीर समाज अब अखिलेश यादव की राजनीति को समझने लगा है। उन्होंने सपा प्रमुख से सवाल किया कि उन्होंने कितने घोसी और कितने कमरिया समाज के लोगों को चुनाव में टिकट दिया है। राजभर ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में 85 फीसदी ग्वाला समाज समाजवादी पार्टी को वर्ष 2022 से भी बुरे दौर में पहुंचाएगा।