Breaking News

G20 को बाजारों को राजनीति से मुक्त करने की दिशा में काम करना चाहिए: जयशंकर     |   आंध्र प्रदेश नगर निकाय चुनाव, कडप्पा में आज होगा मतदान     |   रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली आज     |   जापान में भूकंप के तेज झटके; दर्ज की गई 6.0 की तीव्रता     |   दिल्ली में INDIA गठबंधन रैली से पहले रामलीला मैदान के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम     |  

हाइलो ओपन: पीवी सिंधू और लक्ष्य सेन फाइनल में पहुंचे, अनमोल खरब और फ्रांस के पोपोव को दी शिकस्त

भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए हाइलो ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट के महिला एकल फाइनल में जगह बना ली है। शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने हमवतन अनमोल खरब को सीधे गेम में 21-13, 21-16 से हराया। इसके साथ ही सिंधू लगातार दूसरे सप्ताह किसी बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गई हैं। पिछले सप्ताह वह फ्रेंच ओपन में उपविजेता रही थीं।

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू ने विश्व रैंकिंग में 53वें स्थान पर काबिज अनमोल को 32 मिनट में शिकस्त दी। अब फाइनल में उनका सामना डेनमार्क की लाइन होयमार्क क्येरफेल्ट से होगा। क्येरफेल्ट ने दूसरे सेमीफाइनल में थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग को एक घंटे 22 मिनट तक चले मुकाबले में 8-21, 21-19, 28-26 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

लक्ष्य सेन ने भी फाइनल में बनाई जगह

भारतीय पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने भी शानदार खेल दिखाते हुए पुरुष एकल के फाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव को 41 मिनट तक चले मुकाबले में 21-17, 21-13 से हराया। फाइनल में लक्ष्य का सामना डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन और इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी के बीच होने वाले सेमीफाइनल के विजेता से होगा।

अनमोल पर भारी पड़ा सिंधू का अनुभव

सिंधू और अनमोल के बीच मुकाबले में भारतीय स्टार का अनुभव और आक्रामक खेल साफ नजर आया। सिंधू ने सटीक नेट शॉट और अलग-अलग तरह के स्ट्रोक के दम पर अनमोल को दबाव में रखा। हालांकि, अनमोल ने दोनों गेम में शुरुआती बढ़त हासिल की, लेकिन वह इसे बरकरार नहीं रख सकीं।

पहले गेम में अनमोल ने 4-2 की बढ़त बनाई, लेकिन सिंधू ने वापसी करते हुए मध्यांतर तक 11-9 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद उन्होंने लगातार अंक जुटाए और 21-13 से पहला गेम जीत लिया।

दूसरे गेम में भी अनमोल ने 4-2 की बढ़त के साथ अच्छी शुरुआत की। दोनों खिलाड़ियों के बीच 15-15 तक कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इसके बाद सिंधू ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए लगातार अंक जुटाए और 21-16 से दूसरा गेम भी अपने नाम कर लिया।

19 वर्षीय अनमोल खरब अपने करियर में दूसरी बार सुपर 500 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंची थीं। इससे पहले उन्होंने पिछले साल आर्कटिक ओपन के अंतिम चार में जगह बनाई थी। वहीं, सिंधू ने इस जीत के साथ लगातार दूसरे सप्ताह फाइनल में पहुंचकर खिताब की उम्मीदें मजबूत कर ली हैं।