दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज डेविड मिलर ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के कार्यक्रम पर सवाल उठाते हुए कहा कि दुबई से लौटने के बाद लाहौर में दूसरा सेमीफाइनल खेलना उनकी टीम के लिए आदर्श स्थिति नहीं थी। दक्षिण अफ्रीका की टीम सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से 50 रन से हार गई थी। कराची में ग्रुप चरण का आखिरी मैच खेलने के तुरंत बाद दक्षिण अफ्रीका की टीम को अगली सुबह तड़के दुबई के लिए उड़ान पकड़नी पड़ी।
हाइब्रिड मॉडल पर खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया की टीमों को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए ग्रुप चरण के मैच के परिणाम आने तक दुबई में डेरा डालना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका ग्रुप बी से शीर्ष स्थान पर रहा था और भारत के ग्रुप ए में चोटी पर रहने के कारण उसे सेमीफाइनल खेलने के लिए वापस पाकिस्तान लौटना पड़ा।
इस मैच में नाबाद शतक जड़ने वाले मिलर ने कहा, ‘‘ये भले ही एक घंटे और 40 मिनट की उड़ान है लेकिन कहने का मतलब यह है कि हमें ऐसा करना पड़ा। मैच के तुरंत बाद अगली सुबह हमें तड़के विमान पकड़ना पड़ा ताकि हम सही समय पर दुबई पहुंच सके।’’
ईएसपीएनक्रिकइंफो ने मिलर के हवाले से कहा, ‘‘और सुबह 7.30 बजे हमें वापस आना पड़ा। यह अच्छी स्थिति नहीं थी। ऐसा नहीं है कि हमने पांच घंटे की उड़ान भरी और हमारे पास मैच के लिए पूरी तरह तैयार होने के लिए पर्याप्त समय था। लेकिन फिर भी यह कोई आदर्श स्थिति नहीं थी।’’ मिलर की यह टिप्पणी उनके साथी रासी वान डेर डुसेन के उस बयान के बाद आई है जिसमें उन्होंने अपने सभी मैच एक ही स्थान पर खेलने से भारत को फायदा होने का जिक्र किया था।
मिलर ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले के बारे में कहा, ‘‘ दोनों ही बहुत अच्छी टीम हैं। भारत ने दुनिया को दिखाया है कि उनकी टीम कितनी अच्छी है। वह पिछले कई वर्षों से लगातार अच्छी क्रिकेट खेल रहे हैं और उनके पास वास्तव में कुछ बेहतरीन खिलाड़ी हैं। यह शानदार मुकाबला होगा।’’
दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज डेविड मिलर ने चैंपियंस ट्रॉफी शेड्यूल पर सवाल उठाए
You may also like
हाइलो ओपन: पीवी सिंधू और लक्ष्य सेन फाइनल में पहुंचे, अनमोल खरब और फ्रांस के पोपोव को दी शिकस्त.
एशियन पैरा गेम्स-2026 में सिमरन ने जीते दो स्वर्ण, योगी सरकार ने उपलब्धि पर जताया गर्व.
Asian Para Games 2026: भारतीय पैरालंपिक चैंपियन हरविंदर सिंह और विजय सुंडी को पैरा रिकर्व पुरूष युगल तीरंदाजी में स्वर्ण.
Asian Para Games 2026: हानी और संदीप ने विश्व रिकॉर्ड के साथ जीता स्वर्ण.