Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

जब श्रीराम जन्मभूमि पर दीप जलें, तब घर-आंगन में भी दीप जलाएं: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10वें दीपोत्सव के अवसर पर प्रदेशवासियों से अपने घरों में भी दीप जलाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जब श्रीराम जन्मभूमि पर दीप जलें, तब सभी लोग अपने-अपने घर-आंगन में भी दीप प्रज्ज्वलित करें। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर प्रदेशवासियों को दीपावली और दिव्य दीपोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में दिव्य दीपोत्सव के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मां सरयू की गोद में बसी रामनगरी उल्लास, गौरव और भक्ति के महापर्व के लिए पूरी तरह सज्जित है। वर्षों की प्रतीक्षा और करोड़ों सनातनियों की आस्था का परिणाम आज लाखों दीपों की रोशनी के रूप में दिखाई देगा। यह आयोजन अंधकार पर प्रकाश और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देगा।

दीपक केवल मिट्टी का पात्र नहीं, चेतना का जागरण है

मुख्यमंत्री ने दीपक के महत्व को बताते हुए कहा कि दीपक केवल मिट्टी का पात्र नहीं, बल्कि चेतना के जागरण का प्रतीक है। यह हमें सिखाता है कि अंधकार से लड़ने की जरूरत नहीं होती, बल्कि एक ज्योति जलाने से ही अंधकार दूर हो जाता है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव हमारी आस्था, आत्मगौरव और सनातन चेतना के पुनर्जागरण का महापर्व है। सभी लोग इस धर्म, मर्यादा और प्रकाश के पर्व के साक्षी बनें।

2017 में शुरू हुआ दीपोत्सव आज बना वैश्विक पहचान

सीएम योगी ने दीपोत्सव के दस साल के सफर का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2017 में सरयू तट पर शुरू हुई एक छोटी-सी पहल आज भारत के सांस्कृतिक गौरव को वैश्विक पहचान दिला रही है। अयोध्या में दीपोत्सव का यह दशक केवल दीपों की जगमगाहट और विश्व कीर्तिमानों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण और देश के आत्मगौरव की पुनर्स्थापना का स्वर्णिम अध्याय है।

उन्होंने कहा कि राम की पैड़ी पर जलने वाले लाखों दीप आस्था के साथ स्थानीय स्वावलंबन और अंत्योदय की भावना को भी मजबूत कर रहे हैं। इस आयोजन ने अयोध्या को उसकी सांस्कृतिक पहचान और गौरव के साथ फिर से स्थापित किया है।

उपराष्ट्रपति और संत-महात्माओं का करेंगे स्वागत

मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव में शामिल होने आ रहे उपराष्ट्रपति, विभिन्न देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों, राजनयिकों, देश-विदेश के विशिष्ट अतिथियों और पूज्य संत-महात्माओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि समता, समरसता, सांस्कृतिक एकता और वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना से जुड़ा यह आयोजन ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनेगा।

रामराज्य के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील

सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि दीपोत्सव के दसवें संस्करण पर सभी लोग प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने ऐसे रामराज्य की कल्पना का संदेश दिया, जहां विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और आस्था, समरसता तथा सेवा की भावना हमेशा बनी रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और प्रभु श्रीराम के आदर्शों को आगे बढ़ाने का अवसर भी है।