भारत के सबसे कुशल खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने अपने कौशल और दृढ़ संकल्प का शानदार प्रदर्शन करते हुए यहां यशवंत क्लब में राष्ट्रीय स्नूकर चैंपियनशिप जीती जो उनके करियर का कुल मिलाकर 36वां राष्ट्रीय और 10वां पुरुष स्नूकर खिताब है। ओएनजीसी की तरफ से खेल रहे आडवाणी ने खराब शुरुआत से उबरते हुए फाइनल में ब्रिजेश दमानी को हराया। दमानी ने पहला फ्रेम जीत कर अच्छी शुरुआत की थी लेकिन इसके बाद आडवाणी के सामने उनकी एक नहीं चली।
इस प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर ही एशियाई और विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम का चयन किया जाएगा।
आडवाणी ने अपने प्रदर्शन में निरंतरता और सटीकता बनाए रखी। एक फ्रेम से पिछड़ने के बावजूद उन्होंने अपना धैर्य बनाए रखा और फिर कोई गलती नहीं की। आडवाणी ने अंतिम फ्रेम में 84 का प्रभावशाली ब्रेक दिया और यह फ्रेम, मैच और चैंपियनशिप अपने नाम कर दी।
आडवाणी ने चैंपियनशिप जीतने के बाद कहा, ‘‘ यह एकमात्र प्रतियोगिता थी जिसके प्रदर्शन के आधार पर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए भारतीय प्रतिनिधियों का चयन किया जाएगा। इसलिए इस प्रतियोगिता में काफी कुछ दाव पर लगा था।’’ दमानी ने ग्रुप चरण में आडवाणी को हराया था लेकिन फाइनल में वह इस अनुभवी खिलाड़ी के खिलाफ अपनी लय बरकरार नहीं रख पाए। दमानी के खिलाफ ग्रुप चरण के मैच में आडवाणी केवल एक फ्रेम जीतने में सफल रहे थे।
आडवाणी ने कहा, ‘‘यहां स्वर्ण पदक जीत कर बहुत अच्छा लग रहा है। प्रतियोगिता में एक समय मैं बाहर होने के कगार पर था। तब मुझे पता चला कि इस महत्वपूर्ण क्षण का मतलब कुछ बड़ा होना चाहिए। बिलियर्ड्स और स्नूकर दोनों में फिर से भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका पाकर खुश हूं।’’ एशियाई स्नूकर चैम्पियनशिप 15 फरवरी से शुरू होगी जिसमें आडवाणी और दमानी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
पंकज आडवाणी बने भारतीय स्नूकर चैंपियन, 36वां राष्ट्रीय खिताब जीता
You may also like
हाइलो ओपन: पीवी सिंधू और लक्ष्य सेन फाइनल में पहुंचे, अनमोल खरब और फ्रांस के पोपोव को दी शिकस्त.
एशियन पैरा गेम्स-2026 में सिमरन ने जीते दो स्वर्ण, योगी सरकार ने उपलब्धि पर जताया गर्व.
Asian Para Games 2026: भारतीय पैरालंपिक चैंपियन हरविंदर सिंह और विजय सुंडी को पैरा रिकर्व पुरूष युगल तीरंदाजी में स्वर्ण.
Asian Para Games 2026: हानी और संदीप ने विश्व रिकॉर्ड के साथ जीता स्वर्ण.