Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

IPL में नजर आएंगे केविन पीटरसन, दिल्ली कैपिटल्स ने बनाया टीम का मेंटोर

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र से पहले गुरुवार को दिल्ली कैपिटल्स का मेंटोर (मार्गदर्शक) नियुक्त किया गया। इस 44 साल के पूर्व खिलाड़ी ने 2014 में दिल्ली की टीम की कप्तानी की थी। पीटरसन पहली बार आईपीएल में कोचिंग से जुड़ी किसी भूमिका में दिखेंगे। वह खिलाड़ी के तौर पर 2009 से 2016 तक इस लीग का हिस्सा रहे हैं। 

पीटरसन ने एक्स पर लिखा, ‘‘ मैं अपने घर दिल्ली आने के लिए बहुत उत्साहित हूं। मेरे पास दिल्ली के साथ बिताए समय की सबसे अच्छी यादें हैं। मुझे शहर से प्यार है, मुझे प्रशंसकों से प्यार है और मैं 2025 में खिताब की हमारी तलाश में फ्रेंचाइजी का समर्थन करने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा।’’ पीटरसन को 200 टी20 मैच खेलने का अनुभव है, जिसमें उन्होंने 5,695 रन बनाये हैं।

उन्होंने आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, सनराइजर्स हैदराबाद और पुणे की फ्रेंचाइजी के साथ कुल 36 मैचों में 1001 रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स में वह हेमांग बदानी की अगुवाई वाली कोचिंग टीम का हिस्सा होंगे। बदानी को पिछले साल अक्टूबर में मुख्य कोच बनाया गया। फ्रेंचाइजी की कोचिंग सदस्य में सहायक कोच मैथ्यू मॉट, गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल और क्रिकेट निदेशक वेणुगोपाल राव भी शामिल है।

दिल्ली कैपिटल्स ने कभी भी आईपीएल खिताब नहीं जीता है। यह टीम 2020 में फाइनल में पहुंची थी जहां उसे मुंबई इंडियंस से हार का सामना करना पड़ा था। टीम ने पिछले सत्र में छठे स्थान पर रहने के बाद अपने कप्तान ऋषभ पंत को जाने दिया। उन्होंने अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, ट्रिस्टन स्टब्स और अभिषेक पोरेल को बरकरार रखा जबकि खिलाड़ियों की नीलामी में केएल राहुल, हैरी ब्रूक, फाफ डु प्लेसिस और मिशेल स्टार्क को अपने बेड़े में शामिल करने में सफल रहे। दिल्ली की टीम 24 मार्च को विशाखापत्तनम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी।