Breaking News

आर्टेमिस 2 मिशन लॉन्च, चांद का चक्कर लगाने के लिए रवाना हुए 4 एस्ट्रोनॉट्स     |   ट्रंप की स्पीच के बाद थाईलैंड में ईंधन की कीमतों में भारी उछाल, सरकार ने सब्सिडी में की कटौती     |   9 अप्रैल को दिल्ली दौरे पर जाएंगे नीतीश कुमार, 10 अप्रैल को राज्यसभा सांसद के रूप में लेंगे शपथ     |   तेल संकट के बीच केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 पेट्रोकेमिकल पर छूट     |   हनुमान जयंती के मौके पर दिल्ली के उत्तम नगर-जहांगीरपुरी में जुलूस को लेकर पुलिस का हाई अलर्ट     |  

आर्टेमिस 2 मिशन लॉन्च, चांद का चक्कर लगाने के लिए रवाना हुए 4 एस्ट्रोनॉट्स

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने इतिहास रच दिया है. 53 साल बाद इंसान चांद की ओर निकल पड़ा है. नासा का आर्टेमिस-2 मिशन आज यानी गुरुवार 2 अप्रैल 2026 की सुबह 3:54 बजे लॉन्च हुआ. यह अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से सफलतापूर्वक लॉन्च हुआ. यह ऐतिहासिक पल 53 साल बाद आया है, जब इंसान चंद्रमा पर जा रहा है. नासा ने 53 सालों में पहली बार मानवयुक्त चंद्र मिशन के प्रक्षेपण के लिए 31 मार्च को उलटी गिनती शुरू कर दी थी. ‘आर्टेमिस-2’ मिशन के तहत चार अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर विशाल स्पेस लॉन्च सिस्टम (एसएलएस) रॉकेट आज सुबह लॉन्च हुआ.

दरअसल, लगभग 32 मंजिला ऊंचा यह रॉकेट अंतरिक्ष यात्रियों को पृथ्वी की कक्षा में एक दिन बिताने के बाद ‘ओरियन’ कैप्सूल के जरिए चंद्रमा की ओर लेकर जाएगा. यह मिशन चंद्रमा की कक्षा में उतरने के बजाय उसके चारों ओर घूमकर सीधे पृथ्वी की ओर लौटेगा. करीब 10 दिन की इस यात्रा का समापन प्रशांत महासागर में कैप्सूल के उतरने के साथ होगा

नासा ने आज यानी गुरुवार 2 अप्रैल 2026 को आर्टेमिस II मिशन की सफलतापूर्वक लॉन्चिंग की. यह फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर से भारतीय समयानुसार सुबह 3:54 बजे लॉन्च हुआ. यह 53 साल बाद इंसानों को चांद की ओर ले जाने वाला पहला मानव मिशन है. आर्टेमिस II मिशन लॉन्च पूरी तरह सफल रहा. चारों अंतरिक्ष यात्री सुरक्षित रूप से पृथ्वी की कक्षा में पहुंच गए हैं. 

नासा के अधिकारियों के अनुसार, प्रक्षेपण के समय मौसम भी अनुकूल था. इससे पहले यह मिशन फरवरी में निर्धारित था, लेकिन हाइड्रोजन ईंधन रिसाव के कारण इसे टालना पड़ा. रिसाव ठीक करने के बाद हीलियम प्रेशर लाइन में रुकावट आ गई, जिसके चलते रॉकेट को पिछले महीने के अंत में फिर से मरम्मत के लिए ले जाना पड़ा. करीब डेढ़ सप्ताह पहले रॉकेट को दोबारा प्रक्षेपण स्थल पर लाया गया था.

यह मिशन ऐतिहासिक ‘अपोलो’ कार्यक्रम से अलग है. इसके तहत 1968 से 1972 के बीच केवल पुरुषों को चंद्रमा पर भेजा गया था. 53 साल बाद अब चंद्रमा पर जा रहे ‘आर्टेमिस-2’ के दल में एक महिला, अश्वेत अंतरिक्ष यात्री और एक गैर-अमेरिकी सदस्य शामिल हैं. मिशन के पायलट विक्टर ग्लोवर ने कहा कि वह चाहते हैं कि युवा पीढ़ी इस मिशन को देखकर प्रेरित हो. उन्होंने कहा कि लड़कियां और विभिन्न पृष्ठभूमि के बच्चे खुद को इस अभियान से जोड़ें और अंतरिक्ष अन्वेषण में करियर बनाने की अपनी संभावनाएं तलाशें. नासा के पास ‘आर्टेमिस-2’ के प्रक्षेपण के लिए अप्रैल के पहले छह दिनों का समय था. अगर इस दौरान प्रक्षेपण नहीं हो पाता तो एजेंसी को महीने के अंत तक इंतजार करना पड़ता.