सर्दी और शीतलहर के दौरान बेघर और जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित ठिकाना देने के लिए योगी सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में लखनऊ नगर निगम रैन बसेरों में ठहरने और जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने में जुटा है। शनिवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शहर के लक्ष्मण मेला मैदान, जियामऊ और एल्डिको स्थित रैन बसेरों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी अधूरे काम तय समय में पूरे करने के निर्देश दिए।
लक्ष्मण मेला मैदान में बढ़ी ठहरने की क्षमता

नगर आयुक्त ने लक्ष्मण मेला मैदान स्थित रैन बसेरे में कराए गए सुधार कार्यों का जायजा लिया। यहां लोगों के ठहरने की व्यवस्था बढ़ाने के लिए दो नए कमरे बनाए गए हैं। उन्होंने बाकी बचे कामों को अगले तीन दिनों में पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि सर्दी के दौरान अधिक लोगों को आश्रय मिल सके।
जियामऊ रैन बसेरे में एक सप्ताह में पूरे होंगे काम

जियामऊ स्थित रैन बसेरे में निरीक्षण के दौरान पेंटिंग, शीशे लगाने और अन्य जरूरी सुविधाओं से जुड़े कामों की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सभी शेष कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा कराने को कहा।
एल्डिको रैन बसेरे में 120 लोगों के रुकने की व्यवस्था

जोन-4 के एल्डिको रैन बसेरे में 120 लोगों के ठहरने की क्षमता है। जी प्लस थ्री भवन वाले इस रैन बसेरे में पुताई समेत दूसरे काम चल रहे हैं। नगर आयुक्त ने इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर अगले एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश दिए।
एनिमल केयर हॉस्पिटल और चिनहट तालाब का भी लिया जायजा

रैन बसेरों के निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त ने जोन-4 में मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत बन रहे एनिमल केयर हॉस्पिटल का भी जायजा लिया। अस्पताल के मुख्य भवन का ढांचा तैयार हो चुका है और फिलहाल ईंटों से दीवार बनाने का काम चल रहा है। परिसर में पशुओं के लिए कैनोपी, पार्क और बड़े पशुओं के लिए शेड सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जानी हैं। नगर आयुक्त ने पूरी परियोजना 31 दिसंबर तक तैयार करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा उन्होंने अमृत योजना के तहत विकसित किए जा रहे जोन-4 के चिनहट तालाब का निरीक्षण किया और बाकी बचे काम जल्द पूरा कराने को कहा। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अविनाश त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता अतुल मिश्रा समेत संबंधित अधिकारी और क्षेत्रीय अवर अभियंता मौजूद रहे।