Breaking News

नशीले पदार्थों का सेवन युवाओं के सपनों के लिए चुनौती बनकर उभरा है: 'मन की बात' में बोले PM मोदी     |   अयोध्या में कोहरे और ठंड का असर, कुछ इलाकों में विजिबिलिटी हुई कम     |   दिल्ली के विश्वास नगर में लगी भीषण आग, 4 लोगों की मौत     |   झारखंड: रामगढ़ में रांची-पटना हाईवे पर बड़ा हादसा, 13 लोगों की मौत     |   क्राइस्टचर्च टेस्ट में ध्रुव जुरेल ने जमाई फिफ्टी     |  

महिला आरक्षण और परिसीमन पर भाजपा प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह का सपा पर हमला, कहा- चुनाव में नारी शक्ति देगी जवाब

महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर उत्तर प्रदेश में भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों पर भाजपा नेताओं ने पलटवार करते हुए उन पर महिला आरक्षण का विरोध करने और राजनीतिक हितों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह समेत अन्य प्रवक्ताओं ने कहा कि सपा को महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी को महिला विरोधी बताते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा महिला आरक्षण विधेयक का विरोध किया है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में प्रदेश की महिलाएं सपा को इसका जवाब देंगी।

दिनेश प्रताप सिंह ने संभल दौरे को लेकर भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को संभल की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उनके मुताबिक, सपा सरकार के दौरान संभल दंगों के आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लिए गए थे।

सपा सरकार में दुष्कर्म के आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप

भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने अखिलेश यादव पर महिलाओं को लेकर संकीर्ण सोच रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा शासनकाल में दुष्कर्म के आरोपियों को मंत्री बनाया जाता था और उन्हें सम्मानित किया जाता था। उन्होंने उस दौर में उत्तर प्रदेश को 'रेप कैपिटल ऑफ इंडिया' बताते हुए सपा सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार महिला आरक्षण के जरिए महिलाओं के अधिकार और राजनीतिक भागीदारी मजबूत करना चाहती है। ऐसे में अखिलेश यादव को इस पहल का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने पर देश की महिलाएं सपा को जवाब देंगी।

'परिसीमन राजनीतिक दलों की सुविधा से नहीं, संविधान के तहत होता है'

भाजपा प्रवक्ता प्रियंक पांडेय ने परिसीमन के मुद्दे पर अखिलेश यादव को घेरते हुए कहा कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने की प्रक्रिया किसी राजनीतिक दल की सुविधा के आधार पर नहीं, बल्कि संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा संवैधानिक मूल्यों का पालन करते हुए देश और जनता के हित में काम करती है।

प्रियंक पांडेय ने सपा पर अपराधियों, गुंडों और माफिया को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सपा की राजनीति और उसके वास्तविक रुख को समझ रही है।

'महिला आरक्षण के लिए परिसीमन विधेयक जरूरी'

भाजपा प्रवक्ता दिलीप कुमार ने कहा कि परिसीमन विधेयक राष्ट्रहित से जुड़ा मुद्दा है। अखिलेश यादव को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर इसका समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 में लागू करने के लक्ष्य के लिहाज से परिसीमन विधेयक का पारित होना जरूरी है। दिलीप कुमार ने आरोप लगाया कि सपा इस मुद्दे पर विरोध की राजनीति कर रही है। भाजपा नेताओं ने एक बार फिर अखिलेश यादव से महिला आरक्षण और परिसीमन के प्रस्तावों का समर्थन करने की अपील की।