उत्तर प्रदेश में बच्चों को कुपोषण और गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए योगी सरकार पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर काम कर रही है। इसके तहत बच्चों की बड़े स्तर पर स्वास्थ्य जांच, कुपोषित बच्चों की पहचान और उनके इलाज की व्यवस्था की जा रही है। सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए बच्चों के साथ गर्भवती महिलाओं और माताओं तक भी पोषण सेवाएं पहुंचा रही है।
1.7 करोड़ बच्चों की स्क्रीनिंग, 2.5 लाख गंभीर कुपोषित मिले
प्रदेश में संभव अभियान के तहत करीब 1.7 करोड़ बच्चों की स्क्रीनिंग की गई है। इस दौरान 2.5 लाख बच्चों को गंभीर तीव्र कुपोषण (एसएएम) की श्रेणी में चिह्नित कर उनका पंजीकरण किया गया। इन बच्चों को जरूरत के अनुसार पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान को बेहतर तरीके से लागू करने के लिए एक लाख से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और एएनएम को प्रशिक्षण दिया गया है। बच्चों के पोषण स्तर पर नजर रखने के लिए पोषण ट्रैकर का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं, जीएमडी के जरिए बच्चों की लंबाई और वजन समेत शारीरिक विकास का आकलन किया जाता है। अनुपूरक पुष्टाहार योजना के तहत प्रदेश में 2 करोड़ 12 लाख बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को लाभ पहुंचाया गया है।
बच्चों के पोषण और संस्थागत प्रसव के आंकड़ों में सुधार
राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस)-4 और एनएफएचएस-5 के आंकड़ों के अनुसार, पांच साल तक के बच्चों में उम्र के हिसाब से कम लंबाई की दर में 6.6 प्रतिशत और कम वजन की दर में 7.5 प्रतिशत का सुधार हुआ है।
वहीं, अनुपूरक पुष्टाहार योजना का लाभ पाने वालों का आंकड़ा 30 प्रतिशत से बढ़कर 62 प्रतिशत हो गया है। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से प्रदेश में संस्थागत प्रसव की दर भी 84 प्रतिशत से अधिक पहुंच गई है। इससे गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।
जेई और एईएस के इलाज के लिए 93 केंद्र स्थापित
बच्चों को कुपोषण से बचाने के साथ गंभीर बीमारियों का समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए भी स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, जापानी इंसेफ्लाइटिस (जेई) और एक्यूट इंसेफ्लाइटिस सिंड्रोम (एईएस) से प्रभावित बच्चों के उपचार के लिए प्रदेश में 16 पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) और 77 इंसेफ्लाइटिस ट्रीटमेंट सेंटर स्थापित किए गए हैं।
इन केंद्रों के माध्यम से गंभीर रूप से बीमार बच्चों को विशेष चिकित्सा सुविधा देने की व्यवस्था की गई है। सरकार का जोर बच्चों में बीमारी और कुपोषण की शुरुआती पहचान के साथ समय पर इलाज और बेहतर पोषण उपलब्ध कराने पर है।