Breaking News

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी जारी, CJP ने किया है तिरंगा मार्च का ऐलान     |   भारतीय सोशल वर्कर रीमा नानावटी को मिला हिलेरी रोडम क्लिंटन अवॉर्ड     |   सचिन पायलट आज से पंजाब के पांच दिवसीय दौरे पर, गैंगस्टर हिंसा के पीड़ित परिवारों से करेंगे मुलाकात     |   राहुल गांधी और ओवैसी की SIR याचिकाओं पर 27 अक्टूबर को सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट     |   सिद्धारमैया की शिकायत पर साइबर पुलिस ने दर्ज की FIR, फर्जी वीडियो पर होगी कार्रवाई     |  

योगी सरकार का नगर विकास और ऊर्जा क्षेत्र पर जोर, आय बढ़ाने के लिए बनेगी ठोस कार्ययोजना

उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के लिए योगी सरकार नगर विकास और ऊर्जा क्षेत्र की संभावनाओं का बेहतर इस्तेमाल करने पर जोर दे रही है। इसके लिए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं और विकास परियोजनाओं को लेकर ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

लखनऊ में 15 अक्टूबर को संगम सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जाए। उन्होंने नगरीय निकायों की आय बढ़ाने और विकास परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

नगरीय निकायों की आय बढ़ाने पर जोर

नगर विकास विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रदेश के नगर निगमों और नगरीय निकायों के राजस्व में लगातार वृद्धि हो रही है। विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निकायों की आय बढ़ाने के साथ विकास कार्यों में तेजी लाई जाए। इससे शहरों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित होंगे यूपी के शहर

मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के शहरों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए आधुनिक और विकसित शहरों की कार्यप्रणाली का अध्ययन किया जाए। वहां की बेहतर व्यवस्थाओं और उपयोगी मानकों की पहचान कर उन्हें प्रदेश के शहरों में लागू करने की योजना बनाई जाए। उन्होंने ई-नगर सेवा योजना को वर्तमान जरूरतों के अनुसार नए सिरे से तैयार करने और नगरीय सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।

पीएम सूर्य घर योजना और बायो एनर्जी से बढ़ेंगी संभावनाएं

ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने की गति दोगुनी हुई है। इसके अलावा प्रदेश में बायो एनर्जी और कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) के क्षेत्र में भी काम किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) बिजली की बिक्री से भी आय अर्जित कर रहा है।

मंत्री ए.के. शर्मा ने ऊर्जा विभाग की योजनाओं और परियोजनाओं का आर्थिक आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उन तकनीकी कमियों की पहचान की जाए, जिनके कारण उपलब्ध संसाधनों का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। इन कमियों को दूर कर ऊर्जा क्षेत्र की कार्यक्षमता बढ़ाने और आर्थिक लाभ सुनिश्चित करने के लिए जरूरी सुधार किए जाएं।

ऊर्जा क्षेत्र में निवेश बढ़ाने की तैयारी

बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद ने ऊर्जा क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को बढ़ाने और प्रदेश में ऊर्जा संबंधी गतिविधियों का विस्तार करने पर जोर दिया। बैठक में प्रमुख सचिव नगर विकास पी. गुरु प्रसाद, यूपीपीसीएल के एमडी नीतीश कुमार, विशेष सचिव प्रवीण लक्ष्यकार, यूपीनेडा के निदेशक रविंद्र कुमार और अपर निदेशक नगरीय निकाय रितु सुहास सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।