Breaking News

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी जारी, CJP ने किया है तिरंगा मार्च का ऐलान     |   भारतीय सोशल वर्कर रीमा नानावटी को मिला हिलेरी रोडम क्लिंटन अवॉर्ड     |   सचिन पायलट आज से पंजाब के पांच दिवसीय दौरे पर, गैंगस्टर हिंसा के पीड़ित परिवारों से करेंगे मुलाकात     |   राहुल गांधी और ओवैसी की SIR याचिकाओं पर 27 अक्टूबर को सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट     |   सिद्धारमैया की शिकायत पर साइबर पुलिस ने दर्ज की FIR, फर्जी वीडियो पर होगी कार्रवाई     |  

योगी सरकार की मिशन शक्ति पहल से 1.18 लाख बालिकाएं वित्तीय साक्षरता से जुड़ीं

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बेटियों को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने के लिए मिशन शक्ति के तहत वित्तीय साक्षरता पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से 1,18,657 बालिकाओं को बैंकिंग और वित्तीय प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), बेसिक शिक्षा संदीप सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इन गतिविधियों में प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) की छात्राओं ने भाग लिया। इसका उद्देश्य बालिकाओं को बैंकिंग सेवाओं की बुनियादी जानकारी देना और उन्हें वित्तीय मामलों में जागरूक बनाना है।

बैंकिंग प्रक्रियाओं को समझेंगी बालिकाएं

मिशन शक्ति के तहत बालिकाओं को बैंकों का भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें बैंक की कार्यप्रणाली और खाता संचालन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। इन गतिविधियों से छात्राओं को बैंकिंग सेवाओं को करीब से समझने और रोजमर्रा के वित्तीय कार्यों के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला।

ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी

वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं को विभिन्न बैंकिंग सेवाओं, बैंक योजनाओं और डिजिटल लेन-देन से जुड़ी सावधानियों के बारे में बताया गया। उन्हें ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने, बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखने और डिजिटल लेन-देन करते समय सतर्क रहने के महत्व से भी परिचित कराया गया। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को सुरक्षित बैंकिंग की जानकारी देना और वित्तीय मामलों में सही निर्णय लेने के लिए तैयार करना है।

विद्यालयों में 1.18 लाख से अधिक बालिकाओं की भागीदारी

इस प्रदेशव्यापी पहल में प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों के साथ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राएं भी शामिल हुईं। कुल 1,18,657 बालिकाओं की भागीदारी से वित्तीय साक्षरता को विद्यालयी गतिविधियों से जोड़ने के प्रयास को बढ़ावा मिला है।

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी के अनुसार, मिशन शक्ति के तहत बालिकाओं को वित्तीय साक्षरता से जोड़ना उन्हें बैंकिंग प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य छात्राओं में वित्तीय जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाना है, ताकि वे भविष्य में वित्तीय मामलों से जुड़े फैसले समझदारी से ले सकें।