महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर उत्तर प्रदेश में भाजपा ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोला है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी दलों पर महिलाओं को आरक्षण देने की राह में रुकावट पैदा करने का आरोप लगाया। वहीं, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा और कांग्रेस महिलाओं को उनका अधिकार देने के पक्ष में नहीं हैं।
विरोध करने वालों को मातृशक्ति याद रखेगी: केशव मौर्य
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आजादी के बाद से महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने इसमें बाधा डाली है, जबकि समाजवादी पार्टी भी महिला आरक्षण के विरोध में आगे रही है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित होने के बाद जब इसे लागू करने की दिशा में संसद का विशेष सत्र बुलाया गया, तब विरोध करने वाले दलों को देश की महिलाएं याद रखेंगी।
उन्होंने केंद्रीय कैबिनेट के फैसले का जिक्र करते हुए बताया कि 27 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में 2011 की जनगणना के आधार पर लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि को मंजूरी दी गई। इसके तहत उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटें 80 से बढ़कर 120 हो सकती हैं। वहीं, प्रदेश की विधानसभा सीटें 403 से बढ़कर करीब 605 होने का अनुमान है। बढ़ी हुई सीटों में 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए होगा।
केशव मौर्य ने कहा कि महिला आरक्षण के लिए 15 साल की अवधि निर्धारित की गई है। इसके बाद आरक्षित सीटों से जुड़ी व्यवस्था में केंद्रीय कैबिनेट बदलाव कर सकती है। उन्होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव और डिंपल यादव से विधेयक का विरोध न करने की अपील की। मौर्य के मुताबिक, यह कानून देश के हित में है, लोकतंत्र को मजबूती देगा और संविधान की भावना के अनुरूप है।
डिप्टी सीएम ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस विधेयक को विभिन्न दलों का समर्थन मिलेगा और यह संसद से पारित होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिलने से सदन की कार्यवाही और बेहतर होगी। केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि परिसीमन की नई व्यवस्था 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू हो सकती है। उन्होंने विपक्ष से कहा कि वह भाजपा या प्रधानमंत्री मोदी का राजनीतिक विरोध करे, लेकिन देश के 140 करोड़ लोगों से बैर न मोल ले।
महिलाओं को उनका अधिकार नहीं देना चाहते सपा-कांग्रेस: ब्रजेश पाठक
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। पुलिस सेवा सहित कई क्षेत्रों में महिलाएं अपनी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर आरोप लगाया कि दोनों दल महिलाओं को उनका हक देने के बजाय 33 प्रतिशत आरक्षण में बाधा डाल रहे हैं।
ब्रजेश पाठक ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे सार्वजनिक रूप से महिलाओं के साथ खड़े होने की बात करते हैं और अपने घोषणा पत्र में भी इसका जिक्र करते हैं। लेकिन संसद में महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक के समय उनका विरोध सामने आता है। डिप्टी सीएम ने कहा कि इससे अखिलेश यादव की दोहरी मानसिकता उजागर होती है। उन्होंने दोहराया कि भाजपा महिला आरक्षण के मुद्दे पर महिलाओं के साथ खड़ी है।