उत्तर प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को सम्मान और आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए योगी सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को पंचायती राज निदेशालय में एशियन पैरा गेम्स-2026 की दोहरी स्वर्ण पदक विजेता पैरा एथलीट सिमरन शर्मा का भव्य सम्मान किया गया। उनकी उपलब्धि ने देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। समारोह में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सिमरन की मेहनत, संघर्ष और दृढ़ इच्छाशक्ति की सराहना की।
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि सिमरन शर्मा ने अपनी लगन और अनुशासन से साबित किया है कि कठिन परिस्थितियां भी सफलता की राह नहीं रोक सकतीं। उनकी उपलब्धियां बेटियों, दिव्यांग खिलाड़ियों और युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने सिमरन के पति और कोच गजेंद्र सिंह के योगदान की भी प्रशंसा की।
पंचायती राज निदेशक धीरेंद्र सिंह सचान ने कहा कि सिमरन ने दोनों स्पर्धाओं में रिकॉर्ड बनाकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। वह एक ही एशियन पैरा गेम्स में ट्रैक स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला पैरा एथलीट बनी हैं। उन्हें अर्जुन पुरस्कार-2024, देवी पुरस्कार-2025 और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार सहित कई सम्मान मिल चुके हैं।
योगी सरकार के प्रोत्साहन से बढ़ा खिलाड़ियों का आत्मविश्वास

सम्मान समारोह के दौरान सिमरन शर्मा ने अपनी सफलता के सफर को साझा किया। उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धि के पीछे वर्षों का संघर्ष, कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की ओर से खिलाड़ियों को मिल रहा प्रोत्साहन उनके आत्मविश्वास को बढ़ाता है।
सिमरन ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा और हरियाणा से भी आगे निकलकर देश के लिए बड़ी संख्या में पदक जीतेगा।
इस दौरान उनके पति और कोच गजेंद्र सिंह ने भी सिमरन के संघर्ष की कहानी बताई। उन्होंने कहा कि एक समय लगातार चुनौतियों के कारण सिमरन ने दौड़ छोड़ने का मन बना लिया था, लेकिन हौसले, प्रोत्साहन और लगातार मेहनत ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की चैंपियन बना दिया।
खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी और सम्मानजनक अवसर दे रही योगी सरकार

पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खिलाड़ियों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। खेल कोटे के तहत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राजपत्रित पदों पर नियुक्तियां देना इसी प्रतिबद्धता का उदाहरण है।
उन्होंने पंचायती राज विभाग की डिजिटल लाइब्रेरी पहल का जिक्र करते हुए कहा कि यह ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब परिवारों के बच्चों के लिए शिक्षा, ज्ञान और उन्नति के नए अवसर उपलब्ध करा रही है।
मंत्री ने बताया कि विभागीय प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए योगी सरकार ने 18 नए जिला पंचायत राज अधिकारी और अपर जिला पंचायत राज अधिकारी पदों के सृजन की प्रक्रिया सुनिश्चित की है।

इसके साथ ही 4,000 से अधिक ग्राम पंचायत अधिकारियों की नियुक्ति का रास्ता खुला है। 1,400 नई नियुक्तियों और उप निदेशक के तीन पदों पर भर्ती की पहल से विभाग की कार्यक्षमता और प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
योगी सरकार की इन पहलों से प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, ग्रामीण विकास और युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। सिमरन शर्मा जैसी खिलाड़ियों की सफलता प्रदेश के युवाओं को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देती है।