मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय कैबिनेट की ओर से परिसीमन विधेयक को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल के प्रति आभार जताया। सीएम योगी ने कहा कि यह कदम 2029 के लोकसभा चुनाव में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू करने की दिशा में अहम साबित होगा। इससे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता खुलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद से पहले ही पारित हो चुका है। अब परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद संसद और विधानसभाओं में सीटों की संख्या बढ़ाने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। इसके तहत सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव है।
उन्होंने बताया कि 2011 की जनगणना के आधार पर राज्यों की वर्तमान लोकसभा सीटों का अनुपात बनाए रखा जाएगा। इसी अनुपात में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिससे राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी पर असर नहीं पड़ेगा।
सीएम योगी ने कहा कि महिला आरक्षण शुरुआती तौर पर 15 साल के लिए लागू करने की व्यवस्था होगी। सीटों के रोटेशन की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के माध्यम से आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने इसे देश की आधी आबादी को संसद और विधानसभाओं में कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
यूपी के सभी 80 सांसदों से विधेयक के समर्थन की अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से परिसीमन विधेयक के पक्ष में समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सांसद इस पहल में सहयोग करके 2029 के लोकसभा चुनाव में महिला आरक्षण लागू करने का मार्ग प्रशस्त करें।
सीएम योगी के अनुसार, नारी शक्ति का सशक्तीकरण समृद्ध भारत की नींव है। यह पहल आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती देगी। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से इस महत्वपूर्ण निर्णय के समर्थन में आगे आने का आग्रह किया।