Breaking News

मनी लॉन्ड्रिंग: ED ने पैनकार्ड क्लब्स और अन्य की ₹646.58 करोड़ की संपत्ति जब्त की     |   गाजियाबाद के इंदिरापुरम में आग लगने की घटना का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया     |   UP: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की     |   बीजेपी ने उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की नई प्रदेश टीम का ऐलान किया     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |  

बांकीपुर, दतिया और मांजलपुर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश की एक-एक विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। बिहार की बांकीपुर, गुजरात की मंजलपुर और मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। तीनों सीटों पर मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा के लिए चुने जाने और विधानसभा सीट छोड़ने के बाद कराया जा रहा है। मतदान को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।

वहीं, गुजरात की मंजलपुर विधानसभा सीट पर भाजपा ने सतीश पटेल को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से भीखाभाई रवाडी चुनाव मैदान में हैं। इस सीट पर भाजपा विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद उपचुनाव कराया जा रहा है। चुनाव आयोग की ओर से मतदान प्रक्रिया की शत-प्रतिशत वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे मतदान केंद्रों पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

मतदाताओं की सुविधा और चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए मतदान केंद्रों के बाहर मोबाइल फोन जमा करने के लिए काउंटर भी बनाए गए हैं। इसके अलावा आदर्श आचार संहिता से जुड़ी शिकायतों के लिए ऑनलाइन सी-विजिल केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर भी आज मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह सीट राजेंद्र भारती के अयोग्य घोषित होने के बाद रिक्त हुई थी। यहां भी शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

तीनों राज्यों में मतदान प्रक्रिया पर चुनाव आयोग की कड़ी नजर है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ वेबकास्टिंग और अन्य निगरानी व्यवस्थाओं के जरिए चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। मतदान समाप्त होने के बाद सभी की नजरें उपचुनाव के नतीजों पर होंगी।