Breaking News

कांग्रेस 26 नवंबर को निकालेगी 'संविधान बचाओ' मार्च     |   उत्तर प्रदेश शासन ने देर रात 55 PCS अधिकारियों के तबादले किए     |   हूतियों ने रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बनाया निशाना     |   आज से फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर रहेंगे PM मोदी     |   काला सागर में तीन शिप पर ड्रोन अटैक में क्षतिग्रस्त: रोमानिया     |  

Tamannaah Bhatia: जुहू बीच पर छठ पूजा में शामिल हुईं तमन्ना भाटिया, बोलीं- इस पर्व की सीख हमेशा मेरे साथ रहेगी

Tamannaah Bhatia: बॉलीवुड अभिनेत्री तमन्ना भाटिया रविवार को मुंबई के जुहू बीच पर आयोजित भव्य छठ पूजा समारोह में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ छठ महापर्व की खुशियां साझा कीं। अभिनेत्री ने छठी मैया के प्रति लोगों की आस्था और अपने गाने 'छठी मैया' को मिले प्यार के लिए श्रद्धालुओं का आभार जताया।

तमन्ना भाटिया ने कहा कि मुंबई में अपने शहर के लोगों के साथ छठ पूजा मनाने का मौका मिलना उनके लिए बेहद खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा का महत्व और इस पर्व से मिली सीख हमेशा उनके साथ रहेगी।

अभिनेत्री ने बताया कि वह जुहू बीच पर श्रद्धालुओं का धन्यवाद करने पहुंची थीं। लोगों ने उनके गाने 'छठी मैया' को खूब प्यार दिया है। इस गाने में छठ महापर्व को दिखाने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। दरअसल, तमन्ना की हालिया फिल्म 'द व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' के गाने 'छठी मैया' में छठ पूजा की परंपराओं और उत्सव को दिखाया गया है।

छठ पूजा को सम्मान के साथ दिखाने की कोशिश

इससे पहले दिल्ली में फिल्म के प्रमोशनल इवेंट के दौरान तमन्ना ने छठ पूजा और गाने की शूटिंग के अनुभव साझा किए थे। उन्होंने बताया कि निर्देशक दीपक मिश्रा और अरुणाभ कुमार ने गाने को फिल्माते समय छठ महापर्व की सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं का पूरा ध्यान रखा।

तमन्ना ने कहा कि हिंदी सिनेमा में पहली बार छठ पूजा को इस तरह प्रस्तुत किया गया है। शूटिंग के दौरान निर्देशक और पूरी टीम ने यह सुनिश्चित किया कि पर्व की हर परंपरा को खूबसूरती और सम्मान के साथ दिखाया जाए।

छठ पूजा का मतलब है आभार व्यक्त करना

तमन्ना ने छठ पूजा के महत्व पर बात करते हुए कहा कि यह पर्व जीवन में मिली हर चीज के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रतीक है। जीवन में अच्छे और बुरे समय के बावजूद जो कुछ भी हमें मिला है, उसके लिए कृतज्ञ रहना ही इस पर्व की सबसे बड़ी सीख है। उन्होंने कहा कि गाने में भी इसी भावना को दिखाने की कोशिश की गई है और दर्शकों से इसे काफी प्यार मिला है।

फिल्म 'द व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म लोककथा, फैंटेसी, एडवेंचर, रहस्य और हास्य का मिश्रण है। फिल्म को बालाजी मोशन पिक्चर्स ने TVF और 11.11 प्रोडक्शन के साथ मिलकर प्रस्तुत किया है।