Breaking News

कांग्रेस 26 नवंबर को निकालेगी 'संविधान बचाओ' मार्च     |   उत्तर प्रदेश शासन ने देर रात 55 PCS अधिकारियों के तबादले किए     |   हूतियों ने रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बनाया निशाना     |   आज से फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर रहेंगे PM मोदी     |   काला सागर में तीन शिप पर ड्रोन अटैक में क्षतिग्रस्त: रोमानिया     |  

सीएम योगी छठ महापर्व में हुए शामिल, भोजपुरी में की छठी मइया और सूर्यदेव की आराधना

Lucknow: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर लखनऊ पहुंचे, यहां उन्होंने गोमती नदी के किनारे लक्ष्मण मेला मैदान स्थित छठ घाट पर आयोजित संध्या अर्घ्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर छठी मइया के प्रति अपनी श्रद्धा भी प्रकट की।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में त्योहारों के दौरान अव्यवस्था और अराजकता का माहौल देखने को मिलता था। उपद्रव होने पर तत्कालीन सरकारें मूकदर्शक बनी रहती थीं, लेकिन अब प्रदेश की स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। आज धनतेरस, दीपावली, भाई दूज और छठ जैसे पर्व शांतिपूर्ण, उत्साह और आपसी सौहार्द के साथ मनाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक नेता दुर्गा पूजा, कांवड़ यात्रा और छठ महापर्व जैसी धार्मिक परंपराओं पर सवाल उठाते हैं। ऐसे लोग भारतीय संस्कृति और समाज की भावनाओं को समझने के बजाय सनातन परंपराओं का अपमान करने में लगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति को अपमानित करना कुछ लोगों ने अपना अधिकार समझ लिया है।

छठ के गीतों और शारदा सिन्हा को किया याद

सीएम योगी ने कहा कि छठ महापर्व की गूंज अब भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के अलग-अलग देशों तक पहुंच चुकी है। इस पर्व को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में लोकगायिका और पद्म पुरस्कार से सम्मानित दिवंगत शारदा सिन्हा का योगदान अतुलनीय रहा है। उनके गीतों ने छठ की परंपरा को नई पहचान दी। मुख्यमंत्री ने उन्हें याद करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने छठ के पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्मानित किया और एक पत्रिका का विमोचन भी किया। इस आयोजन का स्वागत एवं सम्मान अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने किया।

छठ महापर्व प्रकृति और सूर्य के प्रति आभार जताने का पर्व

मुख्यमंत्री ने भोजपुरी भाषा में छठी मइया और भगवान सूर्य की आराधना करते हुए सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होने की कामना की। उन्होंने कहा कि छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, जल और सूर्य की ऊर्जा के प्रति आभार व्यक्त करने का विशेष अवसर है। उत्तर प्रदेश को गंगा, यमुना, सरयू, राप्ती और गोमती जैसी पवित्र नदियों का आशीर्वाद मिला है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सरलता और समानता है। इसमें किसी तरह के भेदभाव या जटिल कर्मकांड की आवश्यकता नहीं होती। आम व्यक्ति भी सीधे भगवान सूर्य की उपासना कर सकता है। इस पर्व में डूबते और उगते, दोनों सूर्य को समान श्रद्धा के साथ अर्घ्य दिया जाता है। यह जीवन में सुख-दुख और उत्थान-पतन के दौरान समान भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है।

सीएम योगी ने कहा कि छठी मइया को लोक आस्था में संतान की रक्षा, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि प्रदान करने वाली देवी माना जाता है। परिवार के सभी सदस्य मिलकर प्राकृतिक रूप से उपलब्ध अनाज और प्रसाद के जरिए सूर्यदेव की पूजा करते हैं। यह परंपरा प्रकृति संरक्षण, पारिवारिक एकजुटता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देती है।

सामाजिक समानता और एकता का प्रतीक है छठ महापर्व

मुख्यमंत्री ने छठ को सामाजिक समरसता और समानता का अनूठा उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि छठ घाट पर न कोई बड़ा है और न छोटा, न ऊंच-नीच का भेद है और न ही जातिगत अंतर। यहां सभी श्रद्धालु एक समान भाव से पूजा करते हैं। यह पर्व ‘जाति-पाति पूछे नहिं कोई, हरि को भजे सो हरि का होई’ की भावना को जीवंत करता है।

उन्होंने मातृशक्ति की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि माताएं और बहनें 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखकर कठिन तपस्या करती हैं। उनका समर्पण केवल परिवार की खुशहाली तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के कल्याण की भावना भी इसमें समाहित है।

सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ में अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से आयोजित छठ महोत्सव अब किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं है। इसमें सभी वर्गों और समाज के लोग उत्साह के साथ शामिल होते हैं। उन्होंने मालिनी अवस्थी का उदाहरण देते हुए कहा कि वह भोजपुरी के साथ अवधी और हिंदी लोक संगीत में भी अपनी विशेष पहचान रखती हैं। यह आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता और एकता को दर्शाता है।

पूर्वांचल और बिहार के लोगों का लखनऊ के विकास में अहम योगदान

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वांचल और बिहार से आकर बसे लाखों परिवारों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और उद्यमशीलता से लखनऊ के विकास को नई गति दी है। इन लोगों ने शहर को अपना घर बनाया है और लखनऊ ने भी उन्हें अपनाया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान किसी एक भाषा, क्षेत्र या समुदाय से नहीं, बल्कि विविधता में एकता और समावेशी संस्कृति से बनती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सात नवंबर को अयोध्या में भव्य दीपोत्सव आयोजित किया गया और पूरे प्रदेश में दीपावली शांतिपूर्ण तरीके से मनाई गई। छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर उन्होंने चार दिन पहले अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा की थी। इसमें अलग-अलग जिलों में श्रद्धालुओं की संभावित भागीदारी की जानकारी ली गई थी।

उन्होंने बताया कि वाराणसी में करीब 20 लाख और गोरखपुर में लगभग 16 लाख लोगों के छठ आयोजन में शामिल होने का अनुमान है। इसके अलावा गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती, जौनपुर, चंदौली, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर सहित कई जिलों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पर्व में भाग लिया।

महिलाओं की सुरक्षा से समझौता नहीं, अपराधियों पर होगी कठोर कार्रवाई

सीएम योगी ने कहा कि पहले छठ घाटों पर सफाई, रोशनी, सुरक्षा और आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव रहता था। अब सरकार ने घाटों की साफ-सफाई के साथ नए घाट विकसित किए हैं और व्रती महिलाओं की सुविधा के लिए पूजा वेदियों का निर्माण कराया है।

उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान घर जाने वाले लोगों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसों और ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के समय श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस पेट्रोलिंग और अन्य जरूरी इंतजाम भी किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि माताओं और बहनों की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

उपद्रव से उत्सव तक का सफर नए उत्तर प्रदेश की पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने उपद्रव और अव्यवस्था के दौर से निकलकर उत्सव और सांस्कृतिक उल्लास की दिशा में लंबा सफर तय किया है। यही बदलाव नए भारत और नए उत्तर प्रदेश की पहचान बन रहा है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि को सुरक्षित रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

सीएम योगी ने बताया कि भोजपुरी समाज की ओर से छठी मइया के सम्मान में करीब 200 कलाकार लगातार 18 घंटे तक भोजपुरी लोकगीत प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि पहले के हालात में इतने बड़े आयोजन की कल्पना करना भी मुश्किल था, लेकिन अब श्रद्धालु और कलाकार शांतिपूर्ण वातावरण में अपनी परंपराओं को आगे बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल ही विकास, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और त्योहारों के उल्लास की बुनियाद है। विरासत का मतलब केवल पूर्वजों से मिली परंपराएं नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सौंपा जाने वाला सुरक्षित और बेहतर वातावरण भी है। हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता को इसी तरह आगे बढ़ाना होगा।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने छठ महापर्व में शामिल सभी श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह और मुकेश शर्मा, लखनऊ भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।