योगी सरकार खादी को परंपरा और विरासत से आगे बढ़ाकर रोजगार, ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता का माध्यम बना रही है। इसी दिशा में शुक्रवार को गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में राज्य स्तरीय ‘उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026’ का शुभारंभ हुआ। 10 दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रदेश के अलग-अलग जिलों के उद्यमियों और शिल्पकारों ने अपने उत्पादों के 150 स्टॉल लगाए हैं।
खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि खादी सिर्फ पहनने का कपड़ा नहीं, बल्कि स्वदेशी, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित यह महोत्सव 27 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलेगा। इसकी थीम ‘धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति’ रखी गई है। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग अनिल कुमार सागर और उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिशिर भी मौजूद रहे।
आधुनिक डिजाइन के साथ नई पीढ़ी तक पहुंच रही खादी
महोत्सव में खादी के कपड़ों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार किए गए विभिन्न ग्रामोद्योग उत्पाद भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं। मंत्री राकेश सचान ने स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए कहा कि योगी सरकार बुनकरों, कारीगरों और ग्रामीण उद्यमियों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि अब खादी आधुनिक डिजाइन और आकर्षक परिधानों के रूप में भी उपलब्ध है। 100 प्रतिशत शुद्ध कॉटन से तैयार खादी के वस्त्र परंपरा के साथ आधुनिक जीवनशैली को भी जोड़ रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि खादी नई पीढ़ी की पसंद बने और इससे जुड़े लोगों को बेहतर अवसर मिलें।
राकेश सचान ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान खादी को स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनाया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के अभियान ने वर्ष 2014 के बाद खादी को नई पहचान दी है। प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए भी खादी अपनाने और बुनकरों को प्रोत्साहित करने की अपील करते रहे हैं।
ग्रामोद्योग इकाइयों से गांवों में बढ़ रहे रोजगार के अवसर
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लक्ष्य युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। इसी सोच के तहत प्रदेश में स्वरोजगार और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण उद्यमियों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। पिछले पांच वर्षों में इन योजनाओं के माध्यम से ₹2,544.35 करोड़ का ऋण वितरित किया गया है।
इससे प्रदेश में 24,799 ग्रामोद्योग इकाइयां स्थापित हुईं और 2.79 लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला। ये आंकड़े ग्रामीण अर्थव्यवस्था में खादी और ग्रामोद्योग की बढ़ती भूमिका को दर्शाते हैं।
115 प्रदर्शनियों में ₹161.54 करोड़ से अधिक की बिक्री
राकेश सचान ने बताया कि प्रदेश के सभी 18 मंडलों में खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों की 115 प्रदर्शनियां आयोजित की गईं। इनमें कुल 27,508 स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से उद्यमियों ने ₹161.54 करोड़ से अधिक की बिक्री की।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनियों से स्थानीय उत्पादों को बड़ा बाजार मिल रहा है और उपभोक्ताओं का इनके प्रति भरोसा बढ़ रहा है। सरकार की कोशिश है कि गांवों में तैयार होने वाले उत्पाद केवल स्थानीय बाजारों तक सीमित न रहें, बल्कि प्रदेश और देश के दूसरे बाजारों तक भी पहुंचें। इसके लिए बिक्री केंद्रों, प्रदर्शनियों और अन्य विपणन माध्यमों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
खादी खरीदने पर 30 प्रतिशत की विशेष छूट
मंत्री ने प्रदेशवासियों से खादी को दैनिक जीवन और सामाजिक आयोजनों का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विवाह और अन्य मांगलिक अवसरों पर खादी के वस्त्र अपनाने से स्थानीय बुनकरों और कारीगरों को प्रोत्साहन मिलेगा।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विभिन्न शहरों में नए खादी बिक्री केंद्र भी स्थापित किए जा रहे हैं। गांधी जयंती यानी 2 अक्टूबर से खादी वस्त्रों और गारमेंट्स की खरीद पर 30 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है।
पांच संकल्पों के साथ आत्मनिर्भर भारत का संदेश
महोत्सव के दौरान मंत्री राकेश सचान ने लोगों को पांच संकल्प दिलाए। इनमें खादी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना, ग्रामोद्योग उत्पादों को बढ़ावा देना, स्थानीय कारीगरों को उचित बाजार उपलब्ध कराना, युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और स्वदेशी अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देना शामिल है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे 6 दिसंबर तक चलने वाले खादी महोत्सव में पहुंचें और कम से कम एक खादी वस्त्र जरूर खरीदें। उन्होंने कहा कि खादी का हर वस्त्र खरीदना बुनकरों, कारीगरों और ग्रामीण उद्यमियों की मेहनत का सम्मान है। इससे गांवों में रोजगार बढ़ेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।